Sawan Somwar Vrat 2023 Foods: आज सावन का छठा सोमवार है। 4 जुलाई से शुरू हुए भगवान शिव को समर्पित इस पावन महीने को हिंदू धर्म में बेहद खास माना जाता है। हिंदू धर्म में मान्यता है कि अगर कोई भक्त पूरी श्रद्धा के साथ सावन के महीने में भगवान शिव की अराधना करता है और खासतौर पर सावन के हर सोमवार को शिव के नाम का उपवास रखता है, तो भगवान भोलेनाथ उसे कभी निराश नहीं करते। इन दिनों में सच्चे मन से भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने से हर इच्छा पूरी हो जाती है। इसी कड़ी में लाखों भक्त सावन के सोमवार को उपवास रखते हैं। हालांकि, कई बार व्रत के दौरान वे कुछ ऐसी गलतियां कर देते हैं, जो उनकी सेहत पर भारी पड़ती नजर आती हैं।

दरअसल, व्रत करने के दौरान शरीर में एनर्जी कम होती है, ऐसे में खाने में जरा सी गड़बड़ सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। वहीं, अगर आप भी सावन का उपवास रख रहे हैं, तो इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी चीजों के बारे में बता रहे हैं, जिनके सेवन से आपको बचना चाहिए।

सावन के व्रत में ना करें इन चीजों का सेवन

चाय

व्रत के दौरान आप दिन के ज्यादातर समय भूखे रहते हैं। ऐसे में गैस और एसिडिटी की समस्या होना आम बात है। वहीं, चाय का सेवन इस समस्या को और अधिक बढ़ा सकता है। चाय में मौजूद कैफीन पेट में गैस बनता है, इससे आपको पाचन से जुड़ी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। खाली पेट चाय पीने से हाइपर एसिडिटी और अल्सर का खतरा भी होता है। वहीं, अगर आप हाई ब्लड प्रेशर के मरीज है, तो खासकर चाय पीने से बचें।

खट्टे फल

व्रत में खाली पेट खट्टे फल जैसे संतरा, अंगूर और नींबू को खाने से भी एसिडिटी हो सकती है। इन फलों की जगह आप चीकू, तरबूज या खरबूजा जैसे फल खा सकते हैं। ये फल पेट के लिए आरामदायक होते हैं।

अधिक मसालेदार खाना

सावन व्रत में ज्‍यादा तेल या म‍िर्च-मसाले वाले भोजन को खाने से बचें। इस तरह के खाने से अपच या कब्‍ज की परेशानी हो सकती है।

कुट्टू

व्रत के दौरान अधिक मात्रा में कुट्टू का सेवन भी नहीं करना चाहिए। कुट्टू में पाया जाने वाला फाइबर पेट में भारीपन, मरोड़, पेट की गैस और पेट में दर्द जैसी परेशानियां बढ़ा सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।