बादाम सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और कई तरह के विटामिन सहित हेल्दी फैट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। हालांकि, आज के समय में बढ़ती मांग के कारण बाजार में नकली या मिलावटी बादाम बड़े पैमाने पर बिकने लगे हैं।

वहीं, नकली बादाम खाने से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में बादाम खरीदने से पहले असली और नकली की पहचान करना बहुत जरूरी हो जाता है। इस आर्टिकल में हम आपके लिए 4 आसान तरीकों के बारे में बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आप असली बादाम की पहचान आसानी से कर सकते हैं।

रंग से करें पहचान

असली बादाम का रंग आमतौर पर हल्का भूरा होता है। वहीं, नकली या मिलावटी बादाम अक्सर जरूरत से ज्यादा चमकदार और अधिक स्मूद नजर आते हैं। कई बार इन्हें पॉलिश या केमिकल से ट्रीट किया जाता है, जिससे इन पर कृत्रिम चमक आ जाती है। अगर बादाम बहुत ज्यादा चिकना हो, तो इसे खरीदने से बचना चाहिए।

खुशबू पर दें ध्यान

असली बादाम में हल्की, नेचुरल और नटी खुशबू होती है। अगर बादाम से केमिकल जैसी अजीब या बासी गंध आ रही है, तो वह नकली या खराब हो सकता है। खरीदते समय थोड़ी मात्रा को सूंघकर जरूर जांचें।

पानी में भिगोकर करें टेस्ट

आप बादाम को पानी में भिगोकर भी टेस्ट कर सकते हैं। इसके लिए कुछ बादाम पानी में 5-6 घंटे के लिए भिगो दें। असली बादाम का छिलका आसानी से निकल जाता है और अंदर का दाना सफेद व साफ होता है। वहीं, नकली या प्रोसेस्ड बादाम का छिलका ठीक से नहीं निकलता। कई बार नकली बादाम का रंग अंदर से पीला भी होता है।

स्वाद से करें चेक

असली बादाम का स्वाद हल्का मीठा और क्रीमी होता है। अगर चखने पर बादाम बहुत ज्यादा कड़वा या अजीब लगे, तो इसे खरीदने से बचें। कड़वा स्वाद होने पर इसमें मिलावट हो सकती है।