‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘कसम से’ और ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ जैसे शो से टीवी की दुनिया में एक्टर राम कपूर ने एक अलग ही मुकाम हासिल किया है। राम कपूर ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी लेकिन सीरियल्स ने उन्हें काफी लोकप्रियता दिलाई। टीवी इंडस्ट्री में प्रसिद्धी हासिल करने के बाद एक समय ऐसा भी था जब राम कपूर अपने बढ़ते वजन के कारण काफी परेशान हो गए थे। दरअसल, पहले एक्टर 120 किलो के हुआ करते थे।

हालांकि आज राम कपूर सोशल मीडिया पर अपने फैन्स को फिटनेस गोल देते हैं। लेकिन उनके लिए वजन घटाना उनके लिए आसान नहीं था। मुंबई मिरर को दिए इंटरव्यू में राम कपूर ने कहा था, “मैं पहले 120 किलो का था। मैं चाहता था कि मेरा 25-30 किलो वजन कम हो जाए। मैंने फैसला किया कि अगर मैं अपना वजन घटाने के लक्ष्य को प्राप्त करना चाहता हूं तो मुझे काम से समय निकालना होगा।”

‘फैट टू फिट’ होने की इस जर्नी में राम कपूर ने कड़ी मेहनत की। एक वेटलिफ्टिंग, कार्डियो एक्सरसाइज, योग और रनिंग के अलावा एक्टर ने दिन में करीब 16 घंटे भूखा रहना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें अपना 30 किलो वजन कम करने में मदद मिली। इस बात का खुलासा राम कपूर ने अपने इंटरव्यू में किया था।

राम कपूर का वर्कआउट रूटीन: राम कपूर सुबह उठते ही सीधा जिम जाते हैं। जिम जाने से पहले वह कुछ भी नहीं खाते हैं। सुबह के वक्त जिम में हेवी वेट ट्रेनिंग करते हैं। रात को सोने से पहले भी राम कपूर इंटेंस कार्डियो वर्कआउट करते हैं। इसके अलावा वह रनिंग, स्विमिंग और खेल-कूद आदि को भी अपने वर्कआउट का हिस्सा बनाते हैं।

राम कपूर का डाइट प्लान: राम कपूर ने अपनी वेट लॉस जर्नी के दौरान आठ घंटे के दौरान सीमित चीजें खाना शुरू कर दिया था। इसके अलावा उन्होंने डेयर, तेल, कार्ब्स और चीनी को पूरी तरह से त्याग दिया था। अपना वजन घटाने के लिए एक्टर ने फास्टिंग का सहारा लिया।

बता दें, Intermittent Fasting में आप क्या खा रहे हैं और क्या नहीं इस पर बेहद ही ध्यान देने की आवश्यकता होती है। फास्टिंग के दौरान राम कपूर दिन में पूरे 16 घंटे तक भूखा रहते थे। केवल शाम के 7-8 बजे के बीच ही वह खाना खाते थे।