अदिति सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर रायबरेली सदर से विधानसभा चुनाव जीता था। इसके बाद पार्टी आलाकमान के खिलाफ उनके बागी तेवर भी नज़र आए थे। अगले साल होने वाले विधासभा चुनाव के लिए कांग्रेस की 38 सदस्यीय समिति में भी अदिति सिंह को जगह नहीं दी गई है। अदिति बाहुबली अखिलेश कुमार सिंह की बेटी हैं। इसके अलावा अदिति के पास संपत्ति की भी कोई कमी नहीं है, लेकिन उनकी देनदारी संपत्ति से करीब तीन गुना ज्यादा है। Myneta के मुताबिक, अदिति सिंह के पास कुल 13 लाख 98 हजार 459 रुपए की संपत्ति है।

2017 विधानसभा चुनाव के दौरान दिए अपने हलफनामे में बताया था कि उनके पास केवल 15 रुपए नकद थे। जबकि उनके खाते में सिर्फ 53 हजार रुपए की राशि थी। ज्वेलरी की बात करें तो अदिति सिंह के पास 4 लाख 25 रुपए की ज्वेलरी है। इस हिसाब से उनके पास कुल 13 लाख 98 हजार रुपए की चल संपत्ति है।

अगर प्रोपर्टी पर नज़र दौड़ाएं तो अदिति सिंह के नाम पर सिर्फ एक खेत है जिसकी कीमत 4 लाख 40 हजार रुपए है। साथ ही अदिति सिंह ने अपने हलफनामे में बताया था कि उनके नाम पर कोई गाड़ी भी नहीं है। बात करें अदिति सिंह के पास मौजूद कर्ज की तो उन्होंने विजया बैंक से तीन लोन ले रखे हैं, जिसकी कुल कीमत 44 लाख 90 हजार 234 रुपए है।

BSP विधायक को हराया था चुनाव: अदिति सिंह ने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार शहबाज़ खान को 90 हजार वोटों से शिकस्त दी थी। इसकी के साथ वह विधानसभा पहुंचने वाली सबसे युवा विधायक भी बन गई थीं। इसके बाद अदिति सिंह ने पंजाब से विधायक अंगद सिंह सैनी से शादी कर ली थी। अदिति के अलावा उनके पिता अखिलेश कुमार सिंह भी रायबरेली (सदर) से पांच बार विधायक चुने गए थे।

अदिति सिंह ने फरवरी में बागी तेवर देखने को मिले थे। अदिति सिंह ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह नामांकन दाखिल करने के बाद एक या दो बार ही सिर्फ रायबरेली की जनता के साथ नज़र आई हैं। अदिति ने कहा था सोनिया गांधी ने कभी जनता से मिलने का कोई प्रयास नहीं किया है। इसके साथ ही साफ हो गया था कि वह अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर नहीं लड़ेंगी। हाल ही में अदिति सिंह ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है।