गर्भावस्था का समय महिलाओं के लिए बेहद ही खास होता है। इस दौरान महिलाओं को मां बनने का पहली बार अहसास होता है। लेकिन प्रेग्नेंसी के समय अधिक सावधानी बरतने की भी आवश्यकता होती है क्योंकि, शुरुआती तीन महीनों में मिस कैरेज यानी गर्भपात होने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव आते हैं। जिसके कारण हाथों और पैरों पर सूजन, खुजली जैसी समस्याएं होने लगती हैं।

प्रेग्नेंसी के दौरान डॉक्टर्स हेल्दी भोजन करने की सलाह देते हैं। क्योंकि, इससे गर्भ में पल रहे शिशु को पोषण मिलता है और उसका विकास होता है। हालांकि, कुछ ऐसे फूड्स हैं, जो गर्भावस्था में शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को अपनी डाइट से ऐसी चीजें हटा देनी चाहिए, जो हाथों-पैरों की सूजन को बढ़ा सकती हैं।

गर्भावस्था में इन चीजों को खाने से बचें: यूर्निवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड मेडिकल सेंटर के मुताबिक गर्भवती महिलाओं को केमिकल युक्त और प्रिजर्वेटिव फूड खाने से बचना चाहिए। इसमें आइस्क्रीम, सोया और दूध जैसी चीजें शामिल हैं। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं को ज्यादा नमक का सेवन भी नहीं करना चाहिए। क्योंकि, इससे आपका रक्तचाप बढ़ सकता है। ऐसे में डॉक्टर्स भी प्रेग्नेंसी में सेंधा नमक खाने की सलाह देते हैं।

इसके अलावा रिफाइंड फूड जैसे ब्रेड और ब्रेड से बनीं चीजों का सेवन करने से भी बचना चाहिए। साथ ही गर्भवस्था में शराब का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि, यह शिशु के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।

इन चीजों का करें सेवन: गर्भावस्था के दौरान हाथों और पैरों की सूजन कम करने के लिए अपने खाने में विटामिन बी और आयरन युक्त चीजों को शामिल करना चाहिए। ऐसे में आप हरी-पत्तेदार सब्जियां और हेल्दी चीजें खा सकते हैं। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पालक, सरसों, चुकंदर, अंगूर, हरे बीन्स, चुकंदर, प्याज और लहसुन आदि सब्जियां खानी चाहिए।

एंटीऑक्सीडेंट युक्‍त खाने का करें सेवन: गर्भावस्था में ऐसे फूड्स का सेवन करना चाहिए, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा भरपूर हो। इसके लिए आप टमाटर, चैरी, ब्‍लूबैरी, रसभरी और क्रैनबेरी का सेवन कर सकते हैं।

वहीं, जिन महिलाओं के हाथों-पैरों में सूजन आ रही है, उन्हें पोटेशियम युक्त भोजन करना चाहिए। ऐसे में आप केले, दाल, शकरकंद आदि का सेवन कर सकते हैं।