प्रेग्नेंसी में गर्भवती महिला को अपने खान-पान पर खास ध्यान देना होता है। इस दौरान कई चीजें ऐसी होती हैं जिनका सेवन उनके लिए मना होता है। जबकि कुछ ऐसे फूड्स होते हैं जो गर्भवती महिला के लिए जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। ऐसे में इन फूड्स का सेवन उन्हें भरपूर मात्रा में करना होता है। प्रेग्नेंसी में क्या खाना है और क्या नहीं इस बारे में गर्भवती महिलाओं को पूरी जानकारी होनी चाहिए। गर्मियां आम का मौसम लेकर आती हैं। इन दिनों फलों के राजा आम को खूब पसंद किया जाता है। गर्भवती महिलाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि गर्भावस्था में आम खाना चाहिए या नहीं! तमाम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रेग्नेंसी में आम खाने में कोई समस्या नहीं है। पोषक तत्वों से भरपूर आम को खाने से गर्भस्थ शिशु का विकास तेजी से होता है। लेकिन ज्यादा मात्रा में आम का सेवन नुकसानदेह भी होता है।

क्यों खाना चाहिए गर्भावस्था में आम – आम में आयरन, विटामिन ए, विटामिन सी, पोटैशियम, फाइबर सहित कई पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसमें अन्य फलों के मुकाबले शुगर भी ज्यादा होता है। इसमें केलोरी की भी अच्छी खासी मात्रा पाई जाती है जो गर्भावस्था की तीसरी तिमाही में शरीर को एनर्जी देने में मददगार होती है।

क्या हैं खतरे – ऐसे आम जो रसायनों के इस्तेमाल से पकाए गए होते हैं उनका सेवन गर्भावस्था में नहीं करना चाहिए। कैल्शियम कार्बाइड से पकाए गए आम गर्भावधि मधुमेह की वजह हो सकते हैं। इसके अलावा यह डायरिया की वजह भी हो सकते हैं जो आगे चलकर डिहाइड्रेशन का कारण बन सकता है।

कैसे खाएं – आम के मौसम में आम की खरीददारी करते वक्त ध्यान रखें कि केमिकल से पकाए गए आम आपके लिए हानिकारक हो सकते हैं। इसके अलावा खरीदे गए आमों को बिना धोए न खाएं और खाने से पहले उनके छिलके उतार लें। अगर संभव हो तो कम पके आम खरीदें जिसे आप घर पर रखकर पका सकें। याद रहे, ये आम केमिकल-फ्री हों।