Pregnancy Diet: प्रेग्नेंसी के दौरान सभी महिलाओं को यह सलाह दी जाती है कि वह अपना ज्यादा-से-ज्यादा ख्याल रखें। इस दौरान दिनचर्या से लेकर डाइट तक का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। कहते हैं कि प्रेग्नेंट महिला जो कुछ भी खाती-पीती है, उसका सीधा असर होने वाले बच्चे पर पड़ता है। ऐसे में महिलाओं को और भी ज्यादा ख्याल रखने की जरुरत पड़ती है। डायटिशियन मानते हैं कि प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को फलों का सेवन करना चाहिए। इससे उन्हें पर्याप्त विटामिन, फॉलिक एसिड और आयरन आदि मिलता है।
नाशपती है फायदेमंद – जानकारों की मानें तो प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को नाशपती का सेवन करना चाहिए। इसमें पर्याप्त मात्रा में फोलेट (Folate) पाया जाता है। इनसे वाइट और रेड ब्लड सेल्स बनने में मदद मिलती है। कहते हैं कि नाशपती में विटामिन बी पाया जाता है। यह गर्भ में पल रहे बच्चे के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
रोजाना खाएं सेब – डॉक्टरों का मानना है कि रोजाना एक सेब खाने से रोगों से बचा जा सकता है। यह सिर्फ होने वाली मां ही नहीं बल्कि बच्चे के लिए भी लाभकारी साबित हो सकता है। इसलिए डायटिशियन भी यह सलाह देते हैं कि गर्भवती महिलाएं रोजाना दिन में कम-से-कम एक सेब जरूर खाएं। इसका सेवन करने से मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रह सकते हैं।
अनार खाना है लाभकारी – प्रेग्नेंसी के दौरान यह सलाह दी जाती है कि महिलाएं ऐसी फल-सब्जियों का सेवन करें, जिनसे उनके शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा बढ़ सके। इन्हीं में से एक है अनार। अनार में प्रचूर मात्रा में विटामिन ए और आयरन पाया जाता है, जिसका सेवन करने से शरीर में खून की मात्रा बढ़ सकती है। गायनेकोलॉजिस्ट का मानना है कि डिलीवरी के दौरान बहुत ब्लड लॉस होता है, इसलिए पहले से हाई आयरन फूड खाना जरूरी है।
संतरा खाना है जरूरी – प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए संतरा खाना बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें विटामिन सी होता है, जिसकी मदद से न सिर्फ मां और बच्चे की त्वचा के रोगों से रक्षा होती है बल्कि इसका सेवन करने से वायरल इंफेक्शन से भी बचा जा सकता है। इसलिए प्रेग्नेंसी के दौरान रोज एक संतरा जरूर खाएं।