पूरे देश में नवरात्र का भक्तिमय माहौल है। नौ दिनों तक चलने वाले इस त्योहार में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। वहीं, इस दौरान कई लोग व्रत भी रखते हैं और मां दुर्गा को भोग लगाने के बाद उसको ग्रहण करते हैं। कहा जाता है कि मां दुर्गा को भोग अर्पित करने से उनकी विशेष कृपा मिलती है और घर में सुख-समृद्धि आती है।
नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा की जाती है। ऐसे में हर दिन अलग-अलग भोग भी चढ़ाया जाता है। अगर आप भी नवरात्र में मां दुर्गा के लिए भोग तैयार कर रहे हैं, तो इसको लेकर कुछ खास बातों का ध्यान रख सकते हैं। यहां हम आपके लिए कुछ टिप्स लेकर आए हैं, जिन्हें फॉलो कर आप मां दुर्गा के लिए स्पेशल भोग थाली तैयार कर सकते हैं।
व्रत के मुताबिक थाली करें तैयार
नवरात्रि में मां दुर्गा की उपासना करने के लिए लोग नौ दिन व्रत रखते हैं। वहीं, व्रत के दौरान लोग फलाहारी भोजन का सेवन करते हैं। ऐसे में मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए आप व्रत के मुताबिक ही थाली तैयार करें। दरअसल, भोग लगाने के बाद इसको प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है।
व्रत की थाली में क्या रखें?
ऐसे में आप भोग में साबूदाना खिचड़ी, कुट्टू या सिंहाड़े के आटे से बनी पूरी-पकौड़ी, आलू की सब्जी, समा के चावल और सेंधा नमक से बनी डिश को शामिल कर सकते हैं। भोग लगाने के बाद इसे आप ग्रहण भी कर सकते हैं। इसके अलावा आप व्रत की थाली में मौसमी फल, दही और मखाने को भी शामिल कर सकते हैं।
मीठी चीजों का लगाएं भोग
मां दुर्गा को मीठी चीजों का भोग भी लगाया जाता है। ऐसे में आप भोग की थाली में नारियल लड्डू, सूजी हलवा, साबूदाने की खीर या फिर गुड़ से बने कुछ खास व्यंजन शामिल कर सकते हैं। आप मां को मालपुआ और हलवा-पूरी का भोग भी लगा सकते हैं।