Chaitra Navratri Decoration Ideas 2025: नवरात्रि में देवी उपासक मैया को प्रसन्न करने के लिए पूजा-पाठ,जप, तप और आराधना करते हैं। इस साल 2025 में चैत्र नवरात्रि 30 मार्च से शुरू होंगे। मंदिरों से लेकर घरों में इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। मैया की विशेष कृपा पाने के लिए भक्त नवरात्रि में व्रत रखते हैं। इस दौरान घट स्थापना भी की जाती है। नवरात्रि के दौरान शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री देवी की उपासना की जाती है। उन्हें भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। ऐसे में अगर आप भी अपने घर माता के कलश की स्थापना करने वाले हैं तो मंदिर या पूजा स्थल को सजाने के लिए यहां से आइडिया ले सकते हैं। आइए जानते हैं नवरात्रि के लिए कैसे मंदिर को सजाएं।

सबसे पहले मंदिर को करें साफ

नवरात्रि में पूजा स्थल को सजाने से पहले मंदिर को अच्छी तरह से साफ कर लें। इसके साथ ही पुराने सजावट के सभी सामानों को मंदिर से हटा दें। मंदिर में रखें अतिरिक्त सामान को भी हटा दें। क्योंकि नवरात्रि पूजा के लिए आपको बहुत सारे सामानों की जरूरत पड़ेगी, जिन्हें बाद में आप यहां आसानी से रख पाएंगे।

पूजा स्थल पर बनाएं रंगोली

रंगोली बेहद शुभ मानी जाती है। घट स्थापना वाली जगह पर आप रंगोली बना सकते हैं। आप चाहें तो बाजार से रेडिमेट रंगोली भी लाकर यहां लगा सकते हैं। लेकिन रंगों और फूलों से बनी रंगोली पूजा स्थल के लिए ज्यादा अच्छी रहेगी। इसमें आप अपनी पसंद के अनुसार डिजाइन भी बना सकते हैं।

फूलों से करें घट स्थापना वाली जगह पर सजावट

मंदिर को सुंदर बनाने के लिए फूलों का इस्तेमाल करें। इससे न केवल आपका मंदिर सुगंधित हो जाएगा बल्कि दिखने में भी बेहद सुंदर लगेगा। इसके लिए आप फूलों की लड़ियों का इस्तेमाल करें। इसे मंदिर के चारों तरफ लगाएं। इसके साथ ही अशोक के पत्तों से भी आप सजावट कर सकते हैं।

मिट्टी के लटकन लगाएं

मंदिर को सजाने के लिए आप मिट्टी के लटकन का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये देखने में बेहद सुंदर लगते हैं। इसके अलावा आप मिट्टी के दीये भी पूजा स्थल के आसपास लगाएं। पानी में भी आप फ्लोटिंग कैंडल रख सकते हैं। इससे मंदिर रोशनी से जगमग हो जाएगा।

पानी की उरली से सजाएं मंदिर

अगर आप मंदिर को बिल्कुल अलग लुक देना चाहते हैं तो उरली का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले उरली में पानी भर लें। इसके बाद इसको ज्यादा सुंदर दिखाने के लिए दूसरी उरली डालें। इसे आप अपनी पसंद के अनुसार बढ़ा सकती हैं। अंत में फूलों की पंखुड़ियां डालकर सजाएं। इसके आसपास दिया रखना न भूलें।