अधिकतर पुरुषों का सपना होता है कि उनकी बॉडी एकदम फिट और मस्कुलर रहे। इसके लिए वे खूब महनत भी करते हैं। एक ओर जहां कुछ लड़के घंटों जिम में पसीना बहाते हैं, तो वहीं, कई तरह-तरह के डाइट प्लान फॉलो करना शुरू कर देते हैं। हालांकि, आज की भागदौड़ भरी जिंदगी के चलते कई बार इस रूटीन को फॉलो करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अधिकतर लोगों का फिट रहने का ये सपना महज सपना बनकर ही रह जाता है। वहीं, अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए बेहद मददगार साबित हो सकता है।
इस लेख में हम आपको एक ऐसा तरीका बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप दिन में केवल 3 सेंकड निकालकर फिट और मस्कुलर बॉडी पाने के अपने सपने को पूरा कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि इसके बारे में विस्तार से-
क्या है ये खास तरीका?
Frontiers Media पर छपी एक रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, हर दिन में केवल तीन सेकंड रेसिस्टेंट एक्सरसाइज करने से तेजी से मसल्स की ताकत बढ़ाई जा सकती है। इस रिसर्च में 26 लड़कों ने भाग लिया, जिनमें कुछ लड़कों को एक महीने तक हफ्ते में केवल 2 दिन 3 सेंकड तक बाइसेप्स कॉन्ट्रेशन एक्सरसाइज करने की सलाह दी और बाकि के लड़कों को हफ्ते में 3 बार ऐसा करने के लिए कहा गया। एक महीने बाद जब नतीजों की ओर ध्यान दिया गया, तो हर कोई हैरान रह गया।
कैसा था रिजल्ट?
एक महीना पूरा होने के बाद वैज्ञानिकों ने पाया कि जो लड़के हफ्ते में दो बार ये एक्सरसाइज कर रहे थे, उनकी बाइसेप में कोई खास बदलाव नहीं था, लेकिन हफ्ते में तीन बार एक्सरसाइज करने वाले लड़कों की बाइसेप मजबूत हो गई थी। यही नहीं, अध्ययन में देखा गया कि जिन पुरुषों ने हफ्ते में 3 बार एक दिन में कुल तीन सेकंड के लिए अपनी बांह की मांसपेशियों को जितना संभव हो उतना जोर से दबाया, एक महीने के बाद उनके बाइसेप्स की ताकत 12 प्रतिशत तक बढ़ गई थी।
कैसे करती है असर?
शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस तरह की एक्सरसाइज से फाइब्रस टिश्यू को ज्यादा और आसानी से मजबूत करने में मदद मिलती है। वैज्ञानिकों ने यह भी कहा है कि इस तरह के छोटे वर्कआउट करने से दिल की सेहत पर कोई खास फर्क नहीं होने वाला है, इससे अलग ये केवल मांसपेशियों की ताकत में सुधार करती है। तीन सेकंड तक एसेंट्रिक बाइसेप्स एक्सरसाइज (Eccentric Bicep Contractions) करने से आपको बेहतर फिजिकल रिजल्ट मिल सकता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
