Cucumber Pickle Recipe in Hindi: दाल हो या पराठा, कुछ चीजों के साथ अचार हमेशा खाना अच्छा लगता है। किसी को फ्रेश अचार पसंद होता है तो किसी को चटपटा खट्टा अचार। गर्मियों के मौसम में कई बार बहुत ज्यादा तेल-चिकनाई वाली सब्जी खाने का मन नहीं करता है। ऐसे में सादा दाल या खिचड़ी के साथ अचार मिल जाए तो लोगों का दिन बन जाता है। हर घर में अचार बनाने के लिए अपने-अपने तरीके से रेसिपी का प्रयोग किया जाता है। गर्मियों में खीरा खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। ऐसे में इसे आप सलाद के साथ-साथ कुछ अन्य तरीकों से भी डाइट में शामिल कर सकते हैं। आपने यूं तो कई तरह के अचार का जायका चखा होगा। लेकिन क्या कभी आपने ताजे-ताजे खीरे का चटपटा अचार खाया है। यहां हम आपके लिए खीरे का अचार बनाने के परफेक्ट रेसिपी लेकर आए हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में।
गर्मियों में खीरे का अचार बनाने की आसान रेसिपी
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
खीरा 200 ग्राम
धनिया 1 चम्मच
हल्दी पाउडर 1 चम्मच
सौंफ 1/2 चम्मच
चुटकी भर हींग
राई 1/2 चम्मच
जीरा 1 चम्मच
मेथी दाना 1 चम्मच
मूंगफली 50 ग्राम
चने की दाल 1 चम्मच
उड़द की दाल 1 चम्मच
साबुत सूखी लाल मिर्च- 3
हरी मिर्च – 7
लहसुन – 1
कड़ी पत्ता – 5
नींबू का रस – 2 चम्मच
तेल – 5 चम्मच
स्वादानुसार नमक
घर में बाजार जैसा खीरे का अचार कैसे बनाएं?
खीरे को धोकर उसे छोटे टुकड़ों में काट लें। पैन में तेल डालकर मूंगफली डालें। इसके बाद धनिया और मेथी दाना मिलाएं। फिर जीरा और सौंफ डालें। इन सभी चीजों को ब्राउन होने तक भूनें। इसके बाद हरी मिर्च डालें। लहसुन डालने के बाद धीमी आंच पर पकाएं। अब इसे मिक्सी में डालकर मोटा-मोटा पीस लें। इसके बाद इस मिश्रण को खीरे के टुकड़ों में डाल दें। फिर स्वादानुसार नमक डालें।
खीरे के अचार में तड़का कैसे लगाएं?
खीरे के अचार में तड़का लगाने से उसका स्वाद बढ़ जाता है। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में 1 से 3 चम्मच तेल डालें। गर्म होने के बाद उसमें राई डालें। राई चटकने के बाद चना दाल और उड़द दाल डालें। इसके बाद कड़ी पत्ता और सूखी लाल मिर्च मिलाएं। हींग डालना न भूलें। जब ये भुन जाए तो हल्दी पाउडर मिलाएं। थोड़ी देर बाद गैस ऑफ कर दें। तड़के को खीरे के अचार में डालें। ऊपर से नींबू का रस मिलाकर मिक्स करें। चटपटा खीरे का अचार तैयार है।