Vidur Niti In Hindi: महाभारत काल के महात्मा विदुर दूरदर्शिता और अपनी तेज बुद्धि के लिए जाने जाते थे। वर्तमान युग में भी उनकी नीतियां बेहद प्रासंगिक हैं। इन्होंने अपनी नीतियों में मानव जाति के कल्याण के लिए कई जरूरी बातें बताई थीं। राजा धृतराष्ट्र लगभग सभी विषयों पर महात्मा विदुर की राय लेते थे। वह हस्तिनापुर के कुशल महामंत्री थे। ऐसा बताया जाता है कि महाभारत युद्ध से पहले महात्मा विदुर और धृतराष्ट्र के बीच जो भी बातें हुई थीं, उन्हें विदुर नीति के नाम से जाना जाता है। विदुर ने मूर्ख व्यक्ति की चार निशानियां बताईं थीं। यहां हम आपको उसके बारे में बताने जा रहे हैं। अगर आप जीवन में धोखा और नुकसान से बचना चाहते हैं तो इन्हें पहचानकर आप ऐसे व्यक्ति से दूरी बना लें। क्योंकि ऐसे व्यक्ति आपको पतन की ओर ले जा सकते हैं।

हमेशा गुस्से में रहने वाला

महात्मा विदुर ने अपनी नीति में मूर्ख लोगों की निशानी का जिक्र किया था। उनके अनुसार जो लोग हमेशा बेवजह गुस्से में रहते हैं, वो महामूर्ख होते हैं। ऐसे लोग बार-बार अपना गुस्सा दूसरों पर निकालते हैं। ये खुद तो किसी काम के होते नहीं हैं, लेकिन कोई काम बिगड़ने पर गुस्सा सामने वाले पर निकालते हैं। ऐसे लोग मूर्ख होते हैं। इनसे दूर रहना चाहिए।

दूसरों में गलतियां निकालने वाला

विदुर नीति में बताया गया है कि जो लोग हमेशा दूसरों को देखकर जलते हैं और उनके हर काम में गलतियां निकालते हैं वो मूर्ख होते हैं। इनका बर्ताव हमेशा दूसरों के लिए कड़वा होता है। ये किसी को देखकर खुश नहीं होते हैं। ऐसे लोगों से आपको दूरी बनाकर रखनी चाहिए। ये आपको जीवन में कभी भी मौका मिलने पर धोखा दे सकते हैं।

धार्मिक अनुष्ठान नहीं करने वाला

महात्मा विदुर के अनुसार जो लोग कभी भी किसी तरह का धार्मिक अनुष्ठान नहीं करते हैं ऐसे लोगों को भी मूर्ख माना गया है। जो लोग अपने माता-पिता या अपने पितरों का श्राद्ध नहीं करते या उनकी शांति के लिए किसी भी प्रकार का कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं करवाते हैं, ऐसे लोग मूर्ख की श्रेणी में आते हैं। ऐसा बताया जाता है कि ये लोग जीवनभर दुखी ही रहते हैं।

सच्चे दोस्त अपने साथ न रखने वाला

अगर आप जीवन में धोखा खाने या नुकसान उठाने से बचना चाहते हैं तो ऐसे लोगों से दूर रहें जिनके पास कोई सच्चा मित्र ही न हो। क्योंकि ऐसे लोग बहुत शातिर और मतलबी होते हैं, ये आपके साथ भी गड़बड़ कर सकते हैं। महात्मा विदुर ने इन लोगों को भी मूर्ख बताया है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।