जब बात फिटनेस की आती है तो सबसे पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर का नाम जहन में आता है। करीना कपूर ने ही फिल्म इंडस्ट्री में जीरो फिगर का ट्रेंड शुरू किया था। हालांकि, यूं तो अब करीना कपूर दो बच्चों की मां बन गई हैं बावजूद इसके वह अपनी फिटनेस से करोड़ों युवाओं को प्रेरणा देती हैं।

एक्ट्रेस करीना कपूर का प्रेग्नेंसी के दौरान वजन काफी बढ़ गया था। हालांकि, डिलीवरी के बाद वह अपने वर्कआउट रूटीन और डाइट से उसी शेप में वापस आ गई हैं। ऐसे में आज हम आपको करीना कपूर की डाइट और उनका फिटनेस रूटीन बताएंगे।

वर्कआउट रूटीन: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर नियमित तौर पर योग और एक्सरसाइज करती हैं। 40 साल की करीना कपूर फिटनेस के मामले में युवा एक्ट्रेसिस को टक्कर देती हैं। वह खुद को फिट रखने के लिए रोजाना सीढ़िया चढ़ती-उतरती हैं। इसी के साथ पिलेट्स करती हैं।

इसके अलावा करीना कपूर हफ्ते में कुछ दिन योग तो कुछ दिन मेडिटेशन करती हैं। साथ ही वह रोजाना एक्सरसाइज करती हैं। हालांकि, रविवार के दिन एक्ट्रेस वर्कआउट से भी छुट्टी लेती हैं।

करीना कपूर का डाइट प्लान: एक्ट्रेस करीना कपूर की डायटिशियन रुजुता फिल्म इंडस्ट्री में कई बड़े सितारों की डाइट की प्लानिंग करती हैं। तैमूर के जन्म के बाद करीना कपूर ने रुजुता के ही डाइट टिप्स फॉलो किए थे।

रुजुता दिवेकर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि करीना कपूर अपने दिन भर के खाने को 8 हिस्सों में बांटती हैं।

करीना कपूर के सुबह की शुरुआत भीगी हुई काली किशमिश और केसर खाने से होती है। सुबह के नाश्ते में वह पराठे और चटनी खाती हैं। नाश्ते के बाद और दोपहर के खाने से पहले वह नारियल पानी का सेवन करती हैं। नारियल पानी में तुलसी और सब्जा के बीज मिलाती हैं। क्योंकि, यह शरीर की सूजन को कम करने में मदद करते हैं।

दोपहर के खाने में एक्ट्रेस करीना कपूर दही और चावल के साथ पापड़ का सेवन करती हैं। बीच-बीच में वह अखरोट और काजू को स्नैक्स के तौर पर खाती हैं। शाम के नाश्ते में एक्ट्रेस मिल्कशेक लेती हैं।

वहीं, रात के खाने में एक्ट्रेस करीना कपूर ज्यादातर हल्का खाना जैसे खिचड़ी और दही खाती हैं। इसके अलावा वह डिनर में कभी-कभार सूरन की टिक्की और वेज पुलाव का भी सेवन करती हैं।

सोने से पहले अगर हल्की भूख लगती है तो एक्ट्रेस एक गिलास दूध का सेवन करती हैं।