सर्दी आते ही अधिकतर लोगों को रूखे और बेजान बालों की शिकायत होने लगती है। वहीं, रूखे बाल अधिक तेजी से टूटते हैं। ऐसे में इस परेशानी से छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे से महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना शुरू कर देते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।

दरअसल, हाल ही में हेयर एक्सपर्ट जावेद हबीब (Jawed Habib) ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर ठंड के समय रूखे बालों से छुटकारा पाने के लिए कुछ बेहद आसान टिप्स बताए हैं। कमाल की बात यह है कि इन टिप्स को अपनाने के लिए आपको अधिक पैसे खर्च करने की भी जरूरत नहीं है। ऐसे में आइए जानते हैं किस तरह आप कम पैसे खर्च कर भी अपने बालों को हेल्दी रख सकते हैं।

मजबूत और शाइनी बालों के लिए अपनाएं ये टिप्स

गर्म पानी से बनाएं दूरी

वीडियो में हेयर एक्सपर्ट बताते हैं कि सर्दी के समय अधिकतर लोग गर्म पानी से सिर धोना पसंद करते हैं। हालांकि, ये आपके बालों को शुष्क बनाने का कारण बनता है। गर्म पानी बालों से मॉइस्चर छीन लेता है, जिससे न केवल ये रूखे हो जाते हैं, बल्कि बालों में रूसी की समस्या भी होने लगती है। इससे बाल अधिक तेजी से झड़ते हैं। ऐसे में सिर धोने के लिए केवल नॉर्मल पानी का ही इस्तेमाल करें।

इस तरह करें शैम्पू

वीडियो में जावेद हबीब कहते हैं कि अपनी स्‍कैल्‍प को क्‍लीन रखने के लिए आपको रोजाना शैंपू करना चाहिए। इसके लिए आप आंख बंद कर किसी भी कंपनी के एक नॉर्मल शैंपू को चुन सकते हैं।

शैम्पू से पहले अपनाएं ये टिप

अधिकतर लोग शैम्पू करने से एक रात पहले बालों में तेल लगाना पसंद करते हैं। हालांकि, जावेद हबीब इस तरीके को गलत बताते हैं। इससे अलग हेयर एक्सपर्ट ने एक खास टिप अपनी वीडियो में शेयर की है। इस टिप के मुताबिक, बालों को धोने से करीब आधा घंटा पहले उन्हें पानी की मदद से गीला कर लें। इसके बाद सरसों का तेल बालों में लगाएं। ध्यान रहे कि तेल से आपको बालों की चंपी नहीं करनी है, न ही इसे बालों पर रगड़ना है। इससे अलग केवल हल्के हाथों से सरसों के तेल को बालों पर लगाएं और करीब आधे घंटे बाद नॉर्मल शैम्पू से सिर को धो लें।

आप शैम्पू करते हुए सिर पर मसाज कर सकते हैं। इससे तेल आसानी से छूट जाएगा और आपकी स्‍कैल्‍प भी पूरी तरह क्लीन हो जाएगी। ये आसान तरीका आपको नेचुरली सॉफ्ट और शाइनी बाल पाने में मदद करेगा।

इस तेल का भी कर सकते हैं इस्तेमाल

वीडियो में जावेद हबीब बताते हैं कि यदि आप साउथ इंडिया में बसे हुए हैं, तो आप नारियल का तेल चुन सकते हैं। इसके पीछे का कारण बताते हुए जावेद हबीब कहते हैं कि समुंद्र के पास रहने से वहां कि हवा में थोड़ा नमक होता है, जिससे बिठाने के लिए हमें थोड़ा गाढ़ा तेल चाहिए होता है।