अमेरिका के राष्टॅपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया और बेटी इवांका के साथ भारत दौरे पर आए थे। वे लोग सबसे पहले अहमदाबाद के साबरमती आश्रम गए थे, फिर दिल्ली और उसके बाद ताज महल सिटी आगरा। डोनाल्ड ट्रंप और उनके डेलीगेट्स का बहुत ही भव्य स्वागत किया गया था। इस दौरान उनकी ड्रेसिंग सेंस और स्टाइल भी काफी चर्चा में रही। भारत यात्रा के दूसरे दिन इवांका ट्रंप राष्ट्रपति भवन पहुंची थीं, जहां उन्होंने सफेद शेरवानी कैरी की थी। लोगों को ऐसा लग रहा होगा कि इस ड्रेस को किसी अमेरिकी डिजाइनर ने डिजाइन किया होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। इस शेरवानी को भारतीय फैशन डिजाइनर अनीता डोंगरे ने डिजाइन किया था। आपको बता दें कि इवांका की यह सफेद
शेरवानी सिल्क के धागों से बनी थी।

ड्रेस के बारे में अनीता डोंगरे ने क्या कहा? इस सफेद ड्रेस को लेकर अनीता डोंगरे ने कहा कि यह क्लासिक है और हमेशा चलन में रहने वाली है। उन्होंने यह भी कहा कि इस स्टाइल कि शुरुआत उन्होंने 20 साल पहले की थी और आज भी यह उतनी ही स्टाइलिश और खूबसूरत लगती है। अनीता डोंगरे उन डिजाइनर्स में से हैं जो रॉयल फैमिली के लिए कपड़ें डिजाइन करते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अनीता डोंगरे ने अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला हिलेरी क्लिंटन, डचेस ऑफ कैम्ब्रिज केट मिडलटन और कनाडा की फर्स्ट लेडी सोफी ग्रेगोइरे ट्रूडो की ड्रेस भी डिजाइन कर चुकी हैं।

क्या था इस ड्रेस में खास? न्यूज 18 के अनुसार, इवांका की इस ड्रेस के बारे में बात करते हुए अनीता डोंगरे ने कहा, “इवांका ने मुर्शिदाबाद के हाथ के काम वाले सिल्क की सफेद शेरवानी पहनी थी।” अनीता डोंगरे ने अपनी पसंद के बारे में बताते हुए भी कहा कि वाइट रंग काफी खास होता है, लेकिन शेरवानी में मुझे ब्लू, ब्लैक और वाइट काफी पसंद है।

बता दें कि इवांका की वह ड्रेस भी काफी चर्चा में थी जिसमें उन्हें पहली बार भारत में देखा गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उस ड्रेस को इवांका ट्रंप ने 2019 में अर्जेंटीना में पहना था। उस ड्रेस की कीमत 1.7 लाख थी। इवांका इससे पहले भी भारत आ चुकी हैं। इवांका 2018 में हैदराबाद में आयोजित एंटरप्रिन्‍योर समिट में हिस्‍सा लेने भारत आई थीं। बता दें कि इवांका और कुशनर की भूमिका डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति बनाने में काफी खास रही थी।