कुकिंग आयल हमारे किचन के सामान का अहम हिस्सा है जिसका इस्तेमाल हम खाना पकाने में करते हैं। खाने में इस्तेमाल होने वाला ये तेल अगर मिलावटी हो तो आपकी सेहत को तहस-नहस कर सकता है। हालांकि इस मिलावट का अंदाज़ा आंखों से लगाना मुश्किल होता है। अगर इस मिलावटी तेल का लम्बे समय तक इस्तेमाल किया जाए तो सेहत को कई तरह के नुकसान पहुंच सकते हैं। मिलावटी तेल के सेवन से बीपी, हार्ट अटैक, कैंसर जैसी घातक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इन बीमारियों से बचाव करना है तो तेल खरीदने से पहले तेल की शुद्धता की पहचान करना जरूरी है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया(FSSAI) ने तेल में मेटानिल येलो(metanil yellow) की मिलावट होने की बात कही थी।
मेटानिल येलो एक डाई है जिसे आमतौर पर pH indicator के रूप में उपयोग किया जाता है और यह अपने रंग को लाल से पीले रंग में बदलने की क्षमता के लिए जानी जाती है। भारत में इसका उपयोग हल्दी पाउडर, अरहर दाल जैसी किराना वस्तुओं और तेल में किया जाता है। नारायण मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, जयपुर के आंतरिक चिकित्सा सलाहकार डॉ.अजय नायर ने कहा कि तेल में मिलावट का पता लगाने के लिए गहरी नजर और सावधानीपूर्वक परीक्षण करने की आवश्यकता होती है।
एक्सपर्ट ने बताया कि शुद्ध तेल पूरी तरह पार्दर्शी होता है। मिलावटी तेल का पता लगाने के लिए विजुअल क्लियरिटी टेस्ट करें। इस तेल की मिलावट का पता लगाने के लिए प्रयोगशाला परीक्षण भी जरूरी है। फैटी एसिड संरचना विश्लेषण और गैस क्रोमैटोग्राफी जैसे रासायनिक परीक्षण तेल में मिलावट का पता लगाने के लिए उपयोगी है।
डॉ. नायर ने Indianexpress.com को बताया कि तेल के रंग, गंध और स्वाद का निरीक्षण करके मिलावट का पता लगाया जा सकता है। FSSAI ने तेल में मिलावट का पता लगाने के कुछ तरीके बताएं है अगर इन्हें अपना लिया जाए तो आसानी से तेल में मिलावट का पता लगाया जा सकता है। आइए जानते हैं कि कुकिंग ऑयल की मिलावट का पता कैसे लगाएं। FSSAI ने ट्विटर पर मिलावट का पता लगाने के लिए 5 सरल स्टेप्स बताए हैं जिनसे आप तेल में मिलावट का पता लगा सकते हैं।
एक परखनली में 1 मिलीलीटर तेल का नमूना लें।
इसमें 4 मिलीलीटर आसुत पानी मिलाएं।
अब टेस्ट ट्यूब को हिलाएं।
इस मिश्रण का 2 मिलीलीटर एक अन्य परखनली में लें
पेस्ट में 2 मिली सांद्र HCL मिलाएं।
कैसे पता लगाएं कि तेल मिलावटी है या शुद्ध है
मिलावटी होने पर तेल की ऊपरी परत का रंग लाल हो जाता है्
अगर तेल असली है तो उसकी ऊपरी परत के रंग में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं होगा।