International Women’s Day 2021 Date, Quotes: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एक वैश्विक त्योहार है जो महिलाओं के आर्थिक, सांस्कृतिक, सामाजिक और राजनीतिक उपलब्धियों को सेलिब्रेट करने का दिन है। दुनिया भर में इस दिन लोग महिलाओं की समानता के लिए रैली निकालने के लिए एकजुट होते हैं। उनकी उपलब्धियों से समाज में उनके योगदान को बताते हैं। साथ ही, लैंगिक समानता को लेकर कई परिचर्चा, सेमिनार व गोष्ठियों का आयोजन होता है।
हर साल 8 मार्च को मनाए जाने वाले इस दिन के अन्य उद्देश्य भी हैं, जैसे कि – महिलाओं की उपलब्धियों का जश्न मनाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करना, महिलाओं पर केंद्रित चैरिटी को लेकर चंदा इकट्ठा करना। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2021 का अभियान विषय ‘चुनौती को चुनो ‘ है। एक चुनौतीपूर्ण दुनिया एक सतर्क दुनिया है। और चुनौती से बदलाव आता है।
क्या है महिला दिवस का इतिहास: विमेंस डे का इतिहास सौ साल से भी अधिक पुराना है। माना जाता है कि न्यूयॉर्क शहर में साल 1908 में 15 हजार महिलाओं ने सड़क पर मार्च निकाला था। उनकी मांग थी कि महिलाओं को वोट डालने का अधिकार मिले, साथ ही ज्यादा वेतन और काम करने के घंटों को कम किया जाए। साल भर बाद ही वहां की सोशलिस्ट पार्टी ने पहला राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का फैसला किया। इसके बाद 1910 में कोपनहेगन में हुई एक विमेन कॉन्फरेंस में क्लेरा जेटकिन नाम की महिला ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इस दिन को मनाने का सुझाव दिया।
कौन से रंग हैं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के प्रतीक: 1908 में यूके में महिला सामाजिक और राजनीतिक संघ के अनुसार बैंगनी, हरा और सफेद अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रंग हैं। इसमें बैंगनी जहां न्याय और प्रतिष्ठा का प्रतीक है। वहीं, हरा रंग आशा और उम्मीद को दर्शाता है। जबकि सफेद रंग शुद्धता का प्रतिनिधित्व करता है।
8 मार्च को ही क्यों मनाते हैं विमेंस डे: क्लेरा जेटकिन ने महिला दिवस मनाने के लिए कोई भी खास दिन तय नहीं किया था। लेकिन साल 1917 में रूसी महिलाओं ने अपने हक की मांग के लिए हड़ताल किया था। यह घटना 23 फरवरी की थी, लेकिन ग्रेगोरियन कैलेंडर में यह दिन 8 मार्च था। तब से हर साल दुनिया भर में 8 मार्च को इंटरनेशनल विमेंस डे मनाया जाने लगा।