देश के जाने माने उद्योगपति और टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा हाल ही में तब चर्चा में आ गए जब सोशल मीडिया पर उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठी और उन्होंने उस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। अपनी प्रतिक्रिया से एक बार फिर उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि अपने काम के बदले उन्हें किसी अवॉर्ड की चाहत नहीं है। हुआ ये कि मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा ने रतन टाटा को भारत रत्न दिए जाने की मांग करते हुए एक ट्वीट किया और लोगों से भी ये मांग करने की अपील की। इसके बाद ट्विटर पर लोग रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग करते हुए ट्वीट करने लगे।

रतन टाटा ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो भारत की तरक्की में योगदान करके खुद को भाग्यशाली मानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें भारत रत्न दिए जाने की मुहिम को बंद कर दिया जाए। इस अपील के बाद उनकी खूब तारीफ भी हुई है। रतन टाटा की पहचान जमीन से जुड़े हुए एक उद्योगपति की रही है। उन्हें एक तरफ़ किताबों का शौक है तो दूसरी तरफ़ वो माउथ ऑर्गन भी बड़े मिजाज के साथ बजाते हैं।

बिना जेब वाली कमीजों के शौकीन रतन टाटा यहां से खरीदते हैं अपने कपड़े- रतन टाटा को बिना जेब वाली कमीजों का शौक है। रतन टाटा के करीबी शांतनु नायडू ने अपनी किताब, ‘आई केम अपॉन अ लाइटहाउस:  अ शॉर्ट मेमॉयर ऑफ़ लाइफ विद रतन टाटा’ में बताया है कि रतन टाटा को बिना जेब वाली कमीजों का शौक है जिसकी खरीददारी वो न्यूयॉर्क के ‘ब्रुक्स ब्रदर्स’ से ही करते हैं।

घरेलू इस्तेमाल के लिए लिनेन और दफेल बैग्स भी वो न्यूयॉर्क के मैकिज से करते हैं। उन्हें न्यूयॉर्क के कई और दुकानों से भी शॉपिंग का बहुत शौक है।

किताबों और इन चीजों के हैं शौकीन- रतन टाटा को किताबें पढ़ना बहुत पसंद है। न्यूयॉर्क में ही उनका पसंदीदा बुक स्टोर भी हैं जिसका नाम है बार्नेज एंड नोबल। उन्हें कुत्तों से बहुत लगाव है और टैंगो उनका पसंदीदा डॉगी है। वो अक्सर अपने डॉगी के साथ खेलते हुए अपना खाली वक़्त गुजारते हैं।

 

रतन टाटा को माउथ ऑर्गन बजाने का बहुत शौक है। वो प्रसिद्ध हार्मोनिका प्लयेर ली ऑस्कर की धुन को अक्सर गुनगुनाते हैं। रतन टाटा को ली ऑस्कर के धुन काफी आकर्षित करते हैं। रतन टाटा को पुराने हिंदी गानों का भी खासा शौक है।