Chulha roti on gas stove: भारतीय खाने में रोटी का एक अलग ही स्थान है। इसके बिना खाने की थाली अधूरी मानी जाती है। गेहूं के आटे के अलावा यहां चना, मक्का, बाजरा जैसे अनाज की रोटियां भी बहुत चाव से खाई जाती हैं। शहर की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई बार लोग गांव के मिट्टी के चूल्हे पर बनी फूली-फूली स्वादिष्ट रोटियों को याद करते हैं। ऐसे में कई बार मन में एक ही बात आती है कि काश शहर में रहते हुए भी गांव के चूल्हे की रोटी का स्वाद चखने को मिलता। आपकी इस समस्या का देसी जुगाड़ हम लेकर आए हैं। यहां हम आपको आसान तरीका बताने जा रहे हैं जिससे आप गैस स्टोव पर भी चूल्हे जैसी स्वाद वाली रोटी बना पाएंगे। ये न केवल खाने में बेहद लजीज बनेंगी बल्कि इन्हें बनाने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। आइए जानते हैं इसके बारे में।

सेहत के लिए फायदेमंद होती है चूल्हे की रोटी

चूल्हे की रोटी को सेहत के लिए फायदेमंद बताया जाता है। क्योंकि गैस पर रोटी बनाते समय ज्यादातर लोग उसके पकाने के लिए डायरेक्ट गैस की आंच पर सेंकते हैं। ये सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। क्योंकि कई रिपोर्ट्स में इस बात का दावा किया गया है कि गैस स्टोव पर रोटी सेंकते समय इनमें एयर पोल्यूटेंट का उत्सर्जन होता है। जो रोटी में चले जाते हैं। इसे खाने से कई बीमारियां होने का खतरा रहता है।

चूल्हे जैसी फूली-फूली रोटी बनाने का देसी जुगाड़

अगर आप गैस पर ही चूल्हे जैसी स्वादिष्ट रोटी बनाना चाहते हैं तो आप बाजार से मिट्टी का तवा लेकर आएं। इससे आपको मिट्टी की सुंगध और स्वाद वाली रोटी बनाने में बहुत मदद मिलेगी। रोटी बनाने के लिए सबसे पहले आटे को थोड़ा पतला माडें। अब चकले और बेलन पर देसी घी लगाएं। आटे की लोई को चकले पर रखकर थोड़ा सा बेलें। अब अपने हाथों पर पानी और थोड़ा घी लगाना है। इसके बाद हाथों के जरिए इसे आकार में बड़ा करते जाएं। चिपकने पर दोबारा घी या पानी लगाएं। इसे अब तबे पर डालें और थोड़ा पकने दें। इसके बाद बहुत थोड़ी देर के लिए आंच पर पकाएं। घी लगाकर गर्मागर्म सर्व करें। इस तरह रोटी बनाने पर बिल्कुल चूल्हे जैसी रोटी का स्वाद आएगा। इसके अलावा आप छोटी अंगीठी और कोयले की मदद से भी रोटी तैयार कर सकते हैं। अंगीठी पर रोटी सेंकने से आपको चूल्हे वाला स्वाद मिल जाएगा।