Republic Day Parade 2026: 26 जनवरी 2026 को भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाएगा। हर साल की तरह इस वर्ष भी नई दिल्ली के इंडिया गेट के पास कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस की परेड होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस खास दिन की शुरुआत करेंगी। ठंड होने के बाद भी बड़ी संख्या में लोग राजधानी पहुंचकर परेड का सीधा प्रसारण देखते हैं। वहीं बहुत सारे लोग घरों से इसे लाइव देखते हैं। यहां हम आपको गणतंत्र दिवस 2026 की परेड का समय, थीम, झांकियां, मुख्य अतिथि, लाइव कब और कहां देखें जैसे प्रश्नों की जानकारी दे रहे हैं।
गणतंत्र दिवस परेड 2026: थीम
वंदे मातरम की थीम पर कर्तव्य पथ पर, 1923 में तेजेंद्र कुमार मित्रा की ओर से बनाई गई चित्रों की एक श्रृंखला को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रगान ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ का जश्न मनाएगा। जो गीत की पंक्तियों को दर्शाते हुए राष्ट्रवाद के अतीत और वर्तमान के वृत्तांतों को जोड़ने का काम करेगा।
समय, स्थान और देखने का तरीका
गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत 26 जनवरी को भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद सुबह 10:30 बजे परेड शुरू होगी। गणतंत्र दिवस परेड लगभग 90 मिनट तक चलेगी। जो लोग व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना चाहते हैं, वह जल्दी पहुंचें।
परेड में निकलेंगी 30 झांकियां
26 जनवरी 2026 को भारत के 77वें गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर परेड के दौरान कुल 30 झांकियां निकलेंगी। इसमें से 17 राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों की और 13 मंत्रालयों या विभागों या सेवाओं की होंगी। यह भारत की विविधता, प्रगति और विरासत का प्रतिनिधित्व करेंगी। परेड में सेना, नौसेना, वायु सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की मार्चिंग टुकड़ियां शामिल होंगी। इसके साथ ही राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और मंत्रालयों की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इस वर्ष की परेड में भैरव लाइट कमांडो बटालियन जैसी नई इकाइयां भी शामिल होंगी।
2,500 सांस्कृतिक कलाकार भी देंगे प्रस्तुति
कर्तव्य पथ पर लगभग 2,500 सांस्कृतिक कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। प्रदर्शन का विषय “स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम” और “समृद्धि का मंत्र – आत्मनिर्भर भारत” होगा। परेड के अंत में, “वंदे मातरम” लिखे बैनर का अनावरण किया जाएगा और साथ ही रबर के गुब्बारे भी छोड़े जाएंगे।
हवाई करतब होंगे प्रमुख आकर्षण
हवाई करतब परेड में प्रमुख आकर्षण होंगे। लड़ाकू और सहायक विमानों की फ्लाईपास्ट के जरिए भारतीय वायु सेना की क्षमताओं का प्रदर्शन करेगा। इस फ्लाईपास्ट में राफेल, Su-30, P8i, C-295, Mig-29, Apache, LCH, ALH, Mi-17 सहित सशस्त्र बलों के कुल 29 विमान शामिल होंगे। परेड में पशु दल और औपचारिक इकाइयां भी शामिल होंगी।
गणतंत्र दिवस परेड 2026: मुख्य अतिथि
भारत ने गणतंत्र दिवस 2026 के लिए इस बार यूरोपीय संघ के दो वरिष्ठ नेताओं को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 10,000 विशेष अतिथियों को परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।
गणतंत्र दिवस परेड 2026: लाइव कब और कहा देखें?
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा और इसे पीआईबी और मायगॉव के यूट्यूब चैनलों पर भी स्ट्रीम किया जाएगा। ताकि भारत और दुनिया भर के दर्शक इस उत्सव को देख सकें। इसका सीधा प्रसारण सुबह 8 बजे से ही ऑल इंडिया रेडियो के यूट्यूब चैनल और सरकारी वेबसाइटों पर भी उपलब्ध होगा। इसके अलावा, आप भारत भर के किसी भी समाचार चैनल पर परेड का सीधा प्रसारण देख सकते हैं।
