PM Modi Attire: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया। हर साल की तरह इस साल भी पीएम मोदी अलग अंदाज में नजर आए। अपने कपड़ों और वेशभूषा को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले प्रधानमंत्री मोदी लगातार 11 सालों से अलग-अलग थीम पर कपड़े पहनते रहे हैं। खासकर उनका साफा और इसे बांधने का अंदाज काफी अनोखा और आकर्षक होता है।
इस साल, यानी 15 अगस्त 2025 को पीएम मोदी फिर से अलग अंदाज में नजर आए। उन्होंने इस बार केसरिया रंग का साफा पहना हुआ है। इसके साथ पीएम मोदी ने सफेद कुर्ते के साथ नेहरू-कट जैकेट पहनी हुई है, साथ ही सफेद गमछे के साथ अपने इस परिधान को मैच किया है।
पिछले 11 सालों में ऐसा रहा पीएम मोदी का ड्रेसअप
साल 2024 में पीएम मोदी राजस्थानी लहरिया पगड़ी के साथ सफेद कुर्ता-चूड़ीदार और नीली बंद गला जैकेट में नदर आए। मालूम हो कि लहरिया प्रिंट रेत में बहने वाली हवा द्वारा बनाई गई लहरों का प्रतीक है।
साल 2023 में पीएम मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ काली वी नेक जैकेट और राजस्थानी पगड़ी पहनी थी। पगड़ी को बांधनी प्रिंट में पीले, हरे और लाल रंग से डिजाइन किया गया था।
15 अगस्त की हार्दिक शुभकामनाएं, इन टॉप संदेशों से अपनों को दें स्वतंत्रता दिवस की बधाई
साल 2022 में प्रधानमंत्री मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ नीले रंग की नेहरू जैकेट पहनी थी। उनके सिर पर तिरंगा प्रिंट वाली पगड़ी थी, जिस पर नारंगी और हरे रंग की धारियों का डिजाइन बना हुआ था।
पीएम मोदी ने साल 2021 में सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ नीली जैकेट और केसरिया पगड़ी पहनी थी। इसके अलावा उन्होंने केसरिया बॉर्डर वाला सफेद दुपट्टा भी ले रखा था।
प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2020 में हाफ बाजू सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ केसरिया और क्रीम कलर की पगड़ी पहनी थी। उन्होंने अपने ड्रेस को नारंगी और सफेद दुपट्टे के साथ भी मैच किया था।
पीएम मोदी ने साल 2019 में हाफ बाजू सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ लाल, हरी और नारंगी रंग की पगड़ी पहनी थी।
साल 2018 में प्रधानमंत्री मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ केसरिया और लाल रंग की लंबी पगड़ी पहनी थी, जो टखनों तक पहुंचती थी। यह रंग साहस और बलिदान का प्रतीक माना जाता है।
साल 2017 में प्रधानमंत्री मोदी ने पारंपरिक लाल और पीले रंग की पगड़ी बांधी हुई थी। उन्होंने आधी बाजू वाला पीले रंग का कुर्ता-पायजामा पहना था, जिसके साथ लाल और पीले रंग की पगड़ी बांधी हुई थी।
साल 2016 में प्रधानमंत्री मोदी ने टाई-एंड-डाई डिजाइन की पगड़ी पहनी थी, जिसमें गुलाबी और पीले रंग के शेड्स थे। इसके साथ उन्होंने आधी बाजू का सफेद कुर्ता और पायजामा पहन रखा था।
साल 2015 में प्रधानमंत्री मोदी ने बादामी रंग का कुर्ता-पायजामा और नेहरू जैकेट पहना था। इसके साथ उन्होंने पीले, लाल और हरे रंगों वाली मल्टीकलर क्रिस-क्रॉस डिजाइन की राजस्थानी शैली की पगड़ी बांधी थी, जो पीछे से टखनों तक लंबी थी।
प्रधानमंत्री के तौर पर साल 2014 में पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से पहली बार झंडा फहराया था। इस दौरान उन्होंने राजस्थानी पगड़ी पहनी थी। नारंगी, पीले और हरे रंगों वाली यह पगड़ी उत्सव और उल्लास का प्रतीक है। इस पगड़ी के साथ उन्होंने आधी बाजू का सफेद कुर्ता और पायजामा पहना था।