मौसम बदलते ही बाजार में तरबूज बिकने शुरू हो गए हैं। इन्हें खाना अक्सर सभी लोगों को पसंद होता है। ये सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। क्योंकि इनमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है। लेकिन अक्सर लोग जब बाजार से तरबूज लेकर आते हैं तो घर आने के बाद उसे काटने पर उनका मन दुखी हो जाता है। क्योंकि कई बार ये कच्चा या मीठा नहीं निकलता है। गर्मियों की शुरुआती दिनों में ये महंगा भी मिलता है। ऐसे में अगर ये पका न निकले तो पैसा और मूड दोनों खराब हो जाते हैं। अगर आप दुकान पर बिना तरबूज को काटे ही मीठा, पका और अंदर से लाल फल लेना चाहते हैं तो कुछ टिप्स अपना सकते हैं। यहां हम आपके लिए मास्टरशेफ पकंज भदौरिया के बताए कुछ ऐसे नुस्खे लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप सिर्फ 5 मिनट में पके फल की पहचान कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में।

तरबूज को उंगलियों से बजाकर देखें

मास्टरशेफ ने बताया कि जब भी आप बाजार से तरबूज खरीदें तो सबसे पहले तरबूज को उंगलियों से बजाकर देखें। जी हां कहते है न कोई भी चीज ठोक-बजाकर लेनी चाहिए। तो आपको ये तरीका यहां अपनाना है। जब आप ऐसा करेंगे तो ध्यान से सुनें कि फल को ठोकते समय उसके अंदर से हॉलो साउंड आनी चाहिए। जब आपको ऐसा लगे की तरबूज से अंदर से खोखलेपन की आवाज आ रही है तो ये तरबूज अंदर से मीठा होगा।

छिलके पर देखें ऐसे निशान

जब भी तरबूज खरीदें तो उसके छिलके के ऊपर निशान ध्यान से देखें। अगर आपको छिलके के ऊपर धब्बे दिखाई दें तो ऐसा तरबूज खरीद सकते हैं। ऐसे तरबूज नेचुरल तरीके से पके होते हैं। बहुत ज्यादा निशान होने या कालापन दिखने पर उसे खरीदने से बचें।

केमिकल वाले तरबूज को ऐसे पहचानें

बाजार में इन दिनों केमिकल से पके हुए तरबूज भी मिल रहे हैं। इन्हें पहचानने के लिए आप तरबूज को ध्यान से देखें। अगर आपको इसके ऊपर पीला निशान दिखे तो इसे खरीद लें। ये निशान धूप की वजह से पकने से आता है। बहुत ज्यादा हरा और बिना निशान वाला तरबूज केमिकल से पका हो सकता है।

तरबूज के वजन से लगाएं अंदाजा

आप तरबूज के वजन से भी अंदाजा लगा सकते हैं। तरबूज को अपने दोनों हाथों से उठाकर देखें। अगर ये भारी है तो समझ जाएं कि ये अंदर से पका हो सकता है।