Silk Saree Washing at Home: सिल्क की साड़ियां सभी महिलाओं की पसंदीदा साड़ियों में से एक होती हैं। यह हर महिला की वार्डरोब की शान होती है। महिलाएं सिल्क की साड़ियों को किसी न किसी खास मौके पर ही पहनती हैं। हालांकि, इसकी एक्लट्रा केयर की जरूरत होती है।
कई बार महिलाएं अपनी सिल्क की साड़ियों को क्लीन करने के लिए ड्राई क्लीन का सहारा लेती हैं। हालांकि, आप इसे घर पर ही बिना किसी रंग और कपड़े को नुकसान पहुंचाए आसानी से क्लीन कर सकती हैं।
सिल्क की साड़ी घर पर कैसे धोएं?
घर पर सिल्क की साड़ी को धोने के दौरान सबसे पहले इसको उल्टा कर लें। अब आप एक टब में ठंडा पानी भरें और उसमें हल्का सा माइल्ड लिक्विड डिटर्जेंट डालें। आप बेबी शैम्पू का भी उपयोग कर सकती हैं। अब साड़ी को टब में डुबोकर हल्के हाथों से 5–10 मिनट तक धीरे-धीरे हिलाएं। सिल्क साड़ी को धोते समय कभी भी न रगड़ें, इससे कपड़ा खराब हो सकता है। अब आप साफ पानी से साड़ी को दो से तीन बार धो लें।
सिल्क की साड़ी को कैसे सुखाएं?
सिल्क की साड़ी को भी काफी ध्यान से सुखाना होता है। इसको धोने के बाद कभी भी गलती से भी नहीं निचोड़ना चाहिए। पानी को सुखाने के लिए आप इसको सूती तौलिए में इसको रोल कर सकते हैं। अब इसको छांव में ही सुखाएं। तेज धूप में सूखाने से इसका रंग फीका पड़ सकता है।
सिल्क की साड़ी स्टोर कैसे करें?
अपनी सिल्क साड़ी को स्टोर करने से पहले हमेशा साफ करें। भले ही यह साफ दिखती हो, लेकिन शरीर का तेल, पसीना और अन्य अवशेष कीटों को आकर्षित कर सकते हैं और समय के साथ दाग पैदा कर सकते हैं। आप इसको रखने के लिए मलमल के कपड़े का उपयोग कर सकती हैं। इससे कपड़े में नमी नहीं आती है। आप कीड़ों से बचाव के लिए नेफथलीन बॉल्स या नीम की पत्तियों का उपयोग कर सकती हैं।