हमारे साथ एक दिन में कई अच्छी और बुरी चीजें होती हैं। अच्छी बातों को लेकर लोग अक्सर खुश रहते हैं, तो खराब चीजें परेशान भी कर जाती हैं। अब, एक ओर जहां कुछ लोग इन दोनों ही तरह की बातों को जल्दी भुलाकर आगे बढ़ जाते हैं, तो कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो सारा दिन केवल इन्हें ही सोचने में बिता देते हैं। खासकर बुरी चीजों को मन में बैठा लेते हैं और इन्हें लेकर परेशान होते रहते हैं।

बता दें कि इस तरह किसी भी बात को लेकर पूरे-पूरे दिन सोचते रहना और सोच सोचकर परेशान होने को ओवरथिंकिंग कहा जाता है। ओवरथिंकिंग की आदत न केवल सिर दर्द का कारण बनती है और मानसिक तौर पर गलत प्रभाव डालती है, बल्कि समय के साथ ये आदत व्यक्ति को शारीरिक तौर पर भी परेशान करने लगती है। ऐसे में अगर आप भी ओवरथिंकिंग करते हैं और अक्सर नकारात्मक विचारों के चक्र में फंस जाते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।

यहां हम आपको 5 जापानी तकनीक बता रहे हैं, जो ओवरथिंकिंग को रोकने में आपकी मदद कर सकती हैं। आइए जानते हैं कैसे-

टिप नंबर 1- इकिगाई (Ikigai)

इकिगाई एक जापानी शब्द है जिसका अर्थ है ‘जीवन का उद्देश्य’ या ‘जीवन का अर्थ’। जापानी लोग इकिगाई को बेहद महत्व देते हैं। ये जीवन जीने का ऐसा तरीका है जिसमें लोग नाकामयाबी और पछतावे से बाहर आकर खुशी से जीते हैं। ऐसे में ओवरथिंकिंग से खुद को दूर रखने के लिए आप भी इस तरीके को अपना सकते हैं।

टिप नंबर 2- फोरेस्ट बाथिंग (Forest breathing)

ओवरथिंकिंग को रोकने के लिए जापानी लोग फोरेस्ट बाथिंग की मदद लेते हैं। इसके लिए वे कुछ समय पेड़-पौधों के बीच या घने जंगल में बिताते हैं। जंगल में घूमने से मन शांत होता है और तनाव कम होता है और इस तरह आपको ओवरथिंकिंग से छुटकारा मिल जाता है।

टिप नंबर 3- काइज़ेन (Kaizen)

काइज़ेन एक जापानी तकनीक है जिसका मतलब है, ‘अच्छा बदलाव’ या ‘सुधार’। इस तकनीक में लोग पहले समस्या को स्वीकार करते हैं और फिर इसे हल करने के लिए एक कार्य योजना बनाते हैं। आप भी ऐसा कुछ कर सकते हैं। अगर आपको बुरी बातों को लेकर तनाव होता है, तो उन बातों में सुधार करने की कोशिश करें।

टिप नंबर 4- वाबी-साबी (Wabi-Sabi)

वाबी-साबी भी एक कमाल का कांसेप्ट है। वाबी का मतलब होता है चीजों को देखने का तरीका और साबी का मतलब होता है चीजों को टाइम और स्पेस के संबंध में देखना। तनाव को कम करने के लिए चीजों को समझने की कोशिश करें, साथ ही उन्हें सुधारने के लिए टाइम दें।

टिप नंबर 5- ज़ज़ेन (Zazen)

इन सब से अलग ओवरथिंकिंग से बचने के लिए आप ज़ज़ेन के तरीके को अपना सकते हैं। ज़ज़ेन का मतलब है बैठकर ध्यान करना। यह अभ्यास अत्यधिक सोचने के चक्र से अलग होने में मदद करता है और मानसिक स्पष्टता को बढ़ावा देता है।

ऐसे में ओवरथिंकिंग की स्थिति पैदा होने पर आप इन तरीकों को अपना सकते हैं। इससे आपको मन को शांत करने में मदद मिलेगी। उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- गार्डन साफ कैसे करें? जानें Garden Cleaning का सबसे सही फॉर्मूला