Monsoon Grains Storage Tips: घरों में अनाज स्टोर करना बेहद आम बात है। लेकिन बरसात के दिनों में अनाज में हल्की सी नमी आने से घुन यानी कीड़े लग जाते हैं। ऐसे में धीरे-धीरे पूरा अनाज खराब होने लगता है। कुछ लोग उसे फेंक देते हैं तो कुछ मेहनत से साफ करके इस्तेमाल कर लेते हैं। गेहूं जैसी चीजों को तो एक बार को धुलने के बाद साफ किया भी जा सकता है लेकिन आटा, पीसे हुए मसाले को साफ करना संभव नहीं हो पाता है। ऐसे में उसे फेंकना ही एकमात्र विकल्प बचता है। ऐसे में आपको बिना देर किए कुछ ऐसे तरीके अपनाने चाहिए जिससे आप अनाज, दाल या खाने-पीने की अन्य चीजों को खराब होने से पहले सी बचा सकें। आइए जानते हैं इसकी बारे में।

बारिश में अनाज खराब होने से बचाने के घरेलू तरीके

चावल, आटा, दाल, दलिया, मटर जैसी चीजों में कीड़े या घुन लगने से बचाने के लिए आपको हींग वाला नुस्खा आजमाना चाहिए। इसके लिए कपड़े में हींग लें उसकी पोटली बनाएं। इसे अनाज स्टोर करने वाली जगह पर रख दें। याद रखें कि पोटली सिंगल कपड़े में न रखें। उसकी दो से चार परत बनाकर ही हींग उसमें रखें। नहीं तो उसकी महक अनाज में हो जाएगी। इस तरीके से कीड़े अनाज में नहीं होंगे।

नीम की पत्तियां

गेहूं या ज्यादा साबुत अनाज जैसी चीजों को कीड़ों से बचाने के लिए आप नीम की पत्तियां सुखाएं। उसमें आप तेज पत्ता भी मिला सकते हैं। आप सूखी लाल मिर्च भी रख सकते हैं। इसे अनाज के डिब्बे में रख दें। इससे कीड़े, घुन या छोटे कीट नहीं होंगे।

कच्ची हल्दी

बारिश में अनाज या खानपान की चीजों को बचाने के लिए आप कच्ची हल्दी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। कच्ची हल्दी की गांठ लेकर आएं। इसे थोड़ा धूप में सूखा लें। ताकि उसकी नमी हट जाए। इसके छोटे स्लाइस कट करें। सूती कपड़ा लेकर उसमें कच्ची हल्दी रखें। पोटली बनाकर अनाज में रख दें।

इन तरीकों को अपनाकर आप बारिश में अनाज के अंदर कीड़े लगने से रोक पाएंगे। उम्मीद है ये खबर आपको पसंद आई होगी, इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें: चावल के आटे से बनाएं ये 2 फेस पैक, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ये Korean Beauty Hacks