रसोईघर हर घर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जहां रोज कई टेस्टी डिश बनाई जाती हैं। अब, ये डिश खाने में तो बेहद स्वादिष्ट लगती हैं हालांकि, कई बार अपने पीछे निशान भी छोड़ जाती हैं। आसान भाषा में कहें, तो किचन में लगातार खाना बनाने और खासकर छौंक लगाने के कारण दीवारों और कैबिनेट पर तेल के दाग लग जाते हैं, जिससे ये चिपचिपी और गंदी नजर आने लगती हैं।
अब, अगर आपकी किचन में भी इस तरह के दाग नजर आने लगे हैं और लाख कोशिश के बाद भी ये साफ नहीं हो रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको कुछ आसान और प्रभावी घरेलू उपाय बताएंगे, जिनकी मदद से आप अपनी रसोई की दीवारों और कैबिनेट की इस जिद्दी चिकनाहट को आसानी से दूर कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-
बड़े काम आएंगी ये टिप्स-
बेकिंग सोडा और शैंपू
एक बड़े बाउल में 2 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा और बराबर मात्रा में कोई भी शैंपू मिला लें। अब, बाउल में हल्का गर्म पानी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। तैयार घोल में एक स्पंज को डुबाएं और इससे दीवारों और कैबिनेट को हल्के हाथों से रगड़ें। इसके बाद एक साफ, गीले कपड़े से पोंछकर सुखा लें। ऐसा दो से तीन बार करने पर दीवारों से चिकनाहट साफ होने लगेगी।
सिरका और पानी का घोल
सिरका प्राकृतिक क्लीनर है, जो चिकनाहट हटाने में मदद करता है। ऐसे में एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिलाएं। इसे चिपचिपी सतह पर स्प्रे करें और 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर एक नरम कपड़े या स्क्रब पैड से साफ करें। अगर ग्रीस ज्यादा जमी हुई है, तो आप स्प्रे बोतल में थोड़ा बेकिंग सोडा भी मिला सकते हैं। बेकिंग सोडा न केवल ग्रीस हटाने में मदद करता है, बल्कि गंध भी दूर करता है।
कॉर्नस्टार्च और पानी का मिश्रण
अगर आपकी रसोई की दीवारों पर पुरानी ग्रीस जमी हुई है, तो ऐसे में कॉर्नस्टार्च का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए दो चम्मच कॉर्नस्टार्च को थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे ग्रीस वाली जगह पर लगाएं और सूखने दें। इसके बाद स्पंज से दीवार को हल्के हाथों से रगड़ें और फिर गीले कपड़े से पोंछ दें।
डिशवॉशिंग लिक्विड और बेकिंग सोडा
1 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा में 1 चम्मच डिशवॉशिंग लिक्विड और थोड़ा सा गर्म पानी मिलाएं। इस मिश्रण को स्पंज या ब्रश की मदद से कैबिनेट और दीवारों पर लगाएं, हल्के हाथों से रगड़ें और फिर साफ कपड़े से पोंछ लें। इस तरीके को 2 से 3 बार दोहराने पर भी किचन की चिकनी दीवारों और कैबिनेट को साफ करने में मदद मिल सकती है।
उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Food Tourism: छुर्पी सूप से लेकर किनेमा करी तक, आज जानें Sikkim जाएं को क्या खाएं?