रोटी… भारतीय थाली का ऐसी चीज है जिसके बिना यह पूरी नहीं हो सकती है। पंजाबी से दक्षिण भारतीय खाना और गुजराती से उत्तर भारतीय भोजन में कई चीजें आपको अलग-अलग मिल जाएंगी, लेकिन रोटी हर जगह मिलेगी। भारत में कई जगहों पर बिना रोटी के लोगों का काम नहीं चलता है। लंच और डिनर में उन्हें रोटी चाहिए।

रोटी बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है, लेकिन मां के हाथ की फूली-फूली, गोल, मुलायम और पतली रोटी बनाना बहुत दिनों की मेहनत और प्रेक्टिस के बाद ही आता है। अगर आप भी फूली, नरम, गोल और पतली रोटी बनाना चाहते हैं तो आपको आटा गूंथने से लेकर रोटी सेंकते समय आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। यहां बताए 7 टिप्स आपके बहुत काम आने वाले हैं।

1- मुलायम रोटी के लिए आटे को ठीक से गूंथे

फूली-फूली,नरम और पतली रोटी बनाने के लिए जरूरी है कि आटा भी सही तरीके से गूंथा जाए। जब भी हम आटा गूंथते हैं तो उसमें ग्लूटेन बनने लगता है। इससे ही आटा चिकना बनाता है। ऐसे आटे की रोटी फूली और मुलायम बनती हैं। अगर आप सॉफ्ट रोटी चाहते हैं तो 8-10 मिनट तक आटा गूंथे। ऐसा करने से वह चिकना हो जाता है।

2- आटा गूंथने के बाद गीले कपड़े से ढकें

तुरंत आटा गूंथकर रोटी न बनाएं। हमेशा उसके कुछ देर के लिए रख दें। आटा गूंथने के बाद आप उसे हल्के गीले कपड़े से लपेटकर 20-30 मिनट के लिए रख दें। ऐसा करने से ग्लूटेन सही तरीके से बनता है। इसके बाद ही रोटी बनाएं। ऐसा करने से रोटियां नरम बनेंगी।

3- सादा पानी बजाय गर्म पानी या दूध का इस्तेमाल करें

अगर आप सॉफ्टी और फूली रोटी बनाना चाहते हैं तो आटा गूंथने के लिए सादा और ठंडा पान इस्तेमाल न करें। आटा गूंथते समय गर्म पानी या दूध में गर्म पानी मिलाकर आटा गूंथे। ऐसा करने से नरम रोटी बनती है। दूध से रोटी पकने के बाद लंबे समय तक नरम रहती है।

4- रोटी बेलते समय ये बात रखें ध्यान

रोटियों को बेलते समय हल्के हाथ से बेलन चलाएं। रोटी को आराम से बेलें। बहुत टाइट से बेलन न पकडे़। ऐसा करने से पतली, चिकनी रोटियां अच्छी तरह से फूलती हैं। इसके साथ ही ये जल्दी भी पकती हैं।

5- ठंडे तवे पर रोटी न डालें

कभी भी रोटी को पचाने के लिए उसे कम गर्म तवे या ठंडे तवे पर रोटी को न डालें। हमेशा पहले सुनिश्चित करें कि वह गर्म हो। रोटियों को समान रूप से पकाने और उन्हें फूलने और फिर भी नरम बनाने के लिए गर्म तवे का इस्तेमाल किया जाता है। अगर रोटियों को ठंडे तवे पर पकाया जाए तो वे सूखी और सख्त हो जाएंगी।

6- रोटी को पलटते समय न करें ये गलती

रोटी को तवे पर समय से पलटें। जैसे ही आपको रोटी की सतह पर बुलबुले दिखाई दें, रोटी को पलट दें। लेकिन यह बार-बार न करें। इस दौरान चिमटे को बहुत ज़ोर से न दबाएं। ऐसा करने से रोटी सख्त हो जाएगी। उचित समय पर पलटने से रोटी नरम और अच्छी तरह से पकी हुई बनती है।

7- इस तरह करें स्टोर

रोटी बनाने के बाद उन्हें एक साफ कपड़े से ढके कंटेनर में रखें और तुरंत ढक दें। इससे भाप बनी रहती है और रोटियां नरम और नम रहती हैं। हवा उन्हें बहुत जल्दी सुखा देती है।