Multigrain Atta: हेल्दी और फिट रहने के लिए एक्सरसाइज के साथ-साथ खान-पान का भी विशेष ध्यान देना पड़ता है। अधिकतर लोग बाजार से आटा खरीदकर लाते हैं, लेकिन इन आटों में बड़े पैमाने पर मिलावट होती है, जिसके कारण इसका असर हेल्थ पर भी पड़ता है।
ऐसे में आप घर पर ही मल्टीग्रेन आटा तैयार कर सकते हैं। घर पर तैयार होने वाला मल्टीग्रेन आटा हेल्दी तो होता ही है, साथ ही यह मार्केट से खरीदे गए आटे से काफी बेहतर होता है। इस आर्टिकल में हम आपको घर पर मल्टीग्रेन आटा तैयार करने की विधि के बारे में बताएंगे।
मल्टीग्रेन आटा खाने के फायदे
मल्टीग्रेन आटा शरीर को एक साथ कई जरूरी पोषक तत्व प्रदान करता है। इसे खाने के बाद लंबे समय तक भूख नहीं लगती। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। साथ ही इसमें मौजूद प्रोटीन, आयरन और विभिन्न विटामिन्स मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं और इम्युनिटी को बढ़ाते हैं। अगर इसे रोजाना डाइट में शामिल किया जाए, तो सेहत पर इसका सकारात्मक असर पड़ता है।
मल्टीग्रेन आटा बनाने की सामग्री
3 किलो गेहूं
500 ग्राम ज्वार
500 ग्राम बाजरा
250 ग्राम रागी
250 ग्राम भुना हुआ चना
250 ग्राम मक्का
250 ग्राम सोयाबीन
मल्टीग्रेन आटा घर पर कैसे बनाएं?
स्टेप -1
घर पर मल्टीग्रेन आटा बनाने के लिए सबसे पहले सभी अनाजों को अच्छी तरह साफ कर लें। अगर इनमें नमी हो, तो इन्हें कुछ देर धूप में फैला कर सुखा लें। इसके बाद चना, ज्वार, बाजरा और मक्का को हल्का सा भून लें। दरअसल, इन सभी को भूनने से आटे का स्वाद तो बढ़ता ही है, साथ ही आटे की पौष्टिकता भी बढ़ जाती है।
स्टेप -2
सभी अनाजों को अच्छी तरह मिलाकर चक्की में पिसवा लें। अगर आप इसे कम मात्रा में बना रहे हैं, तो मिक्सर ग्राइंडर की मदद से भी पीस सकते हैं। पीसने के बाद आटे को छलनी से छान लें। आप इस आटे को एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर सकते हैं।
