सेब ऐसा फल है, जिसे खाने से आपकी सेहत को एक साथ कई फायदे मिल जाते हैं, इसलिए कहा जाता है ‘एन एप्पल ए डे कीप्स द डॉक्टर अवे’ (An apple a day keeps the doctor away) यानी रोजाना एक सेब खाने से आप स्वस्थ रहेंगे और आपको डॉक्टर के पास कम जाना पड़ेगा। हालांकि, इसे लेकर एक समस्या ये होती है कि सेब काटने के बाद बेहद जल्दी काला पड़ने लगता है।

अक्सर पेरेंट्स अपने बच्चे को लंच में सेब देना पसंद करते हैं लेकिन सुबह का काटा हुआ सेब लंच तक काला पड़ जाता है, जिससे फिर बच्चा इसे खाने से बचने लगता है। काला पड़ चुका सेब दिखने में बेहद खराब लगता है ऐसे में बच्चे इसे खाने से पहले ही मुंह बना लेते हैं और टिफिन को ऐसे ही वापस ले आते हैं।

अगर आपके साथ भी अक्सर ऐसा होता है और इसके चलते आप अपने बच्चे को फ्रूट्स नहीं खिला पा रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके बड़े काम का साबित हो सकता है। यहां हम आपको ऐसी ट्रिक्स बता रहे हैं, जिन्हें अपनाने से आप सेब के काले होने की परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं। यानी ये आसान ट्रिक्स काटने के बाद भी सेब को लंबे समय तक फ्रैश रखेंगी और इससे आपका बच्चा इसे बड़े आराम से खा पाएगा।

इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर काटने के बाद सेब काला क्यों पड़ जाता है?

दरअसल, सेब काटने के बाद काला पड़ने का मुख्य कारण ऑक्सीडेशन है। जब सेब को काटा जाता है, तो उसमें मौजूद एंजाइम पॉलीफेनोल ऑक्सीडेज (PPO) सक्रिय हो जाते हैं। PPO एंजाइम ऑक्सीजन के साथ मिलकर सेब के अंदर के पॉलीफेनोल्स को ऑक्सीडाइज करता है, जिससे सेब का रंग बदलकर काला या भूरा हो जाता है।

हालांकि, काला पड़ चुका सेब भले ही दिखने में खराब लगता हो लेकिन ये खाने के लिए एकदम सुक्षित होता है।

इन ट्रिक्स से काटने के बाद काला नहीं पड़ेगा सेब-

इसके लिए सेब को अच्छी तरह धोकर स्लाइस में काट लें। अब, कटे हुए एप्पल पर नींबू का रस छिड़ककर अच्‍छी तरह से टॉस कर दें। साइट्रिक एसिड सेव को हवा में रिएक्‍ट करने से बचा लेगा और ये काला नहीं पड़ेगा।

वहीं, अगर आप नींबू के खट्टे स्वाद से बचना चाहते हैं, तो इसके लिए सेब को धोकर काट लें। अब, एक बाउल में थोड़ा पानी लें और इसमें थोड़ा काला नमक डालकर चला लें। अब, कटी हुई सेब की स्लाइस को इस पानी में डालें और 2 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद सेब को पानी से बाहर निकल लें। ऐसा करने से भी सेब काला नहीं पड़ेगा और लंबे समय तक एक दम सफेद दिखेगा। इससे आपका बच्चा बिना मुंह बनाए सेब को आसानी से खा पाएगा।

इस बात का भी रखें ध्यान

अगर आप लंच में बच्चे को सेब दे रहे हैं, तो इसे हमेशा किसी एयरटाइट कंटेनर में रखकर ही दें। ऐसा करने से सेब ऑक्‍सीडाइज होने से बचा रहेगा।

उम्मीद है कि ये ट्रिक्स आपको पसंद आई होंगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- ऊनी कपड़ों में हो गए हैं रोएं? बेलन की मदद से मिनटों में ऐसे पाएं छुटकारा, नए जैसे दिखने लगेंगे Woolen Clothes