सर्दी का मौसम दस्तक दे चुका है। ऐसे में सेहत पर खास ध्यान देने की जरूरत बढ़ जाती है। गौरतलब है कि ठंड के मौसम में लोग जल्दी-जल्दी बीमार पड़ने लगते हैं। खासकर खांसी-जुकाम जैसी संक्रमक बीमारियां लोगों को जल्दी घेर लेती हैं। इसके पीछे हेल्थ एक्सपर्ट्स कमजोर इम्यूनिटी को कारण बताते हैं।

यानी ठंड के मौसम में बीमारियों से बचने के लिए इम्यूनिटी को बूस्ट करना जरूरी है। इसके लिए आप अपनी डाइट में फलों को शामिल कर सकते हैं। अब, क्योंकि इस मौसम में बाजार में फल भी बेहद महंगे दामों पर बिकते हैं, ऐसे में यहां हम आपको 3 ऐसे फलों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप घर पर ही बेहद आसानी से उगा सकते हैं।

कमाल की बात यह है कि इन फलों को उगाने के लिए न तो आपको ज्यादा मेहनत की जरूरत होगी और न ही ज्यादा जगह की। आप अपने घर की बालकनी में पौधे के अंदर भी इन फलों को उगा सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

बालकनी में उग सकते हैं इन फलों के पौधे-

स्ट्रॉबेरी

लिस्ट में पहला नाम आता है स्ट्रॉबेरी का। सर्दियों का ये फल पोषक तत्वों से भरपूर होता है, साथ ही इसका स्वाद भी अधिकतर लोगों को खूब पसंद आता है।

गमले में कैसे लगाएं स्ट्रॉबेरी का पौधा?

  • इसके लिए सबसे पहले ऐसा गमला चुनें, जिसका आकार कम से कम 6-8 इंच हो।
  • इसके बाद अच्छी गुणवत्ता वाली मिट्टी चुनें, जिसमें पर्याप्त नमी और पोषक तत्व हों।
  • स्ट्रॉबेरी की एक स्वस्थ पौध चुनें जिसकी जड़ें मजबूत हों और पत्तियां हरी हों। आप चाहें तो बीज की मदद से भी पौधा उगा सकते हैं लेकिन उसमें थोड़ा अधिक समय लगता है।
  • अब, गमले में मिट्टी भरें, इसमें स्ट्रॉबेरी की पौध लगाएं और अच्छी तरह से दबा दें।
  • गमले को किसी ऐसी जगह पर रखें जहां इसे कम से कम छह से आठ घंटे की सीधी धूप मिल सके।
  • इसके अलावा पौधे में नमी बनाए रखने के हिसाब से इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते रहें।
  • इस तरह आप स्ट्रॉबेरी का पौधा गमले में लगा सकते हैं और इसका आनंद ले सकते हैं।

पपीता

सुनने में आपको अजीब लग सकता है लेकिन आप पपीते को भी गमले में उगा सकते हैं। पपीते के पौधे पर 4-6 महीनों में फल आने लगते हैं। साथ ही इसे लगाना भी बेहद आसान है। आप पपीते के पौधे को भी आप स्ट्रॉबेरी के पौधे की तरह ही लगा सकते हैं।

गमले में कैसे लगाएं पपीता?

  • इसके लिए नर्सरी से छोटा पपीता का पौधा खरीदें। इसे किसी कंटेनर या 18 इंच गहरे पौधे में लगा लें।
  • आखिर में गमले को किसी ऐसी जगह रखें जहां इसे पर्याप्त धूप मिल सके और इसे समय-समय पर पानी देते रहें।
  • आप चाहें तो थोड़े समय बाद पौधे में मिट्टी में खाद डाल सकते हैं। इससे पौधा और बेहतर तरीके से बढ़ता है।

अंगूर

इन सब से अलग आप घर की बालकनी में गमले के अंदर अंगूर का पौधा भी लगा सकते हैं। इस फल को उगाना भी बेहद आसान होता है।

गमले में कैसे उगाएं अंगूर?

  • अंगूर को आप बीज या कटिंग, दोनों तरीके से ही उगा सकते हैं।
  • अगर आप कटिंग से अंगूर उगाना चाहते हैं, तो पौधे को नर्सरी से लाकर सीधा गमले में लगा दें और इसे किसी ऐसी जगह पर रखें, जहां 7 से 8 घंटे की सीधी धूप आती हो।
  • जब पौधा हल्का बढ़ने लगे, तब इसमें पोषक तत्वों से भरा खाद मिलाएं और समय-समय पर पौधे में पानी डालते रहें।
  • इसके अलावा आप पौधे पर सूखी या गली हुई पत्तियां भी नहीं रहने देनी है। इसके लिए समय-समय पर पौधे की छटाई करते रहें।

इस तरह आप बेहद आसानी से अपने घर की बालकनी में फलों को उगा सकते हैं।

इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- घर में बस 60 दिनों में टमाटर कैसे उगाएं? जानें टमाटर के पौधे का ख्याल रखने का सबसे आसान तरीका