Bougainvillea Plant: बोगनवेलिया का पौधा घर और बालकनी दोनों की खूबसूरती में चार-चांद लगाता है। यह पौधा अपनी रंग-बिरंगी पत्तियों और आकर्षक फूलों के कारण जाना जाता है। इस पौधे को अधिक देखभाल की भी जरूरत नहीं होती है। इसे गमले में भी आसानी से उगाया जा सकता है। आप भी इसे गमले में आसानी से लगा सकते हैं। यहां हम आपके लिए कुछ टिप्स लेकर आए हैं, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।

गमले का करें चुनाव

बोगनवेलिया का पौधा लगाने के लिए आपको सबसे पहले गमले का चयन करना होगा। आप इसे 12 से 16 इंच गहरे गमले में लगा सकते हैं। अब आप इसमें मिट्टी डालें। मिट्टी में आप गोबर की खाद या कंपोस्ट भी मिला सकते हैं। इससे मिट्टी उपजाऊ हो जाती है।

गमले में कैसे उगाएं बोगनवेलिया का पौधा?

बोगनवेलिया का पौधा गमले में आप कटिंग से भी लगा सकते हैं। आप इसे सीधे नर्सरी से भी खरीद सकते हैं। अगर कटिंग से पौधा लगा रहे हैं तो 5-6 इंच लंबी, मजबूत और हरी टहनी लें। इसे मिट्टी में लगाकर हल्का पानी दें। वहीं, अगर आप इसे नर्सरी से ला रहे हैं, तो इसे गमले में अधिक नीचे तक न लगाएं।

बोगनवेलिया की देखभाल कैसे करें?

बोगनवेलिया के पौधे को अधिक देखभाल की जरूरत नहीं होती है। यह पौधा धूप अधिक पसंद करता है। ऐसे में आप गमले को सीधे धूप में रख सकते हैं। इसमें समय-समय पर पानी देते रहें। हालांकि, पानी देते समय इस बात का ध्यान रखें कि इसमें पानी जमा न हो। आप इसमें हफ्ते में दो बार पानी दे सकते हैं।