Skin Care Tips For Winters: सर्दियों में ड्राय स्किन की परेशानी बेहद आम हो जाती है। साथ ही, धूल-मिट्टी के चेहरे पर गंदगी जमा होने से इसकी रंगत खराब होने और पिंपल्स का डर भी बना रहता है। मौसम चाहे कोई भी हो त्वचा को बेहतर बनाए रखने के लिए देखभाल की बहुत जरूरत होती है। ज़रा सी भी लापरवाही त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती है। ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल हालांकि चेहरे पर निखार लेकर आता है मगर वो क्षणिक ही रहता है। आप जब तक इनका इस्तेमाल करते रहेंगे तब तक चेहरे पर इसका असर दिखता रहेगा। ऐसे में घरेलू उपचारों का इस्तेमाल ज्यादा कारगर साबित हो सकता है।

गन्ने का रस शरीर को डिटॉक्स करता है, साथ ही ये शरीर को ठंडक प्रदान करता है। इससे पेट की गर्मी कम होती है, जिससे स्किन पर भी बेहतर प्रभाव पड़ता है। आइए जानते हैं कैसे –

चेहरे पर आता है निखार: अल्फा हाइड्रॉक्सी एसिड (AHA) एक ऐसा तत्व है जो स्किन को हेल्दी रखने में मददगार है। गन्ने का रस AHA का बेहतरीन स्रोत माना जाता है, ये स्किन रिलेटेड परेशानियों को दूर करने में मदददगार है। गन्ने के रस के इस्तेमाल से त्वचा ग्लो करने लगती है। गन्ने का ताजा निचोड़ा हुआ जूस को सुबह-सुबह बैठकर पीयें। इसे आप सप्ताह में 3 बार पी सकते हैं।

पिंपल्स का खतरा होगा दूर: इसमें AHA के अलावा भी कई तत्व मौजूद होते हैं। लैक्टिक एसिड, मैलिक एसिड, टार्टरिक एसिड, ग्लाइकोलिक एसिड, साइट्रिक एसिड जैसे तत्व इसमें पाए जाते हैं। बता दें कि इनका उपयोग स्किन केयर उत्पादों में भी कृत्रिम रूप से किया जाता है। इससे पिंपल्स का खतरा कम होता है, साथ ही त्वचा मुलायम होती है। मुल्तानी मिट्टी में गन्ने का रस डालकर गाढ़ा मिश्रण बनाएं। चेहरे और गर्दन पर इसे लगाएं। 20 मिनट के बाद ठंडे पानी से चेहरा धो लें।

बढ़ती उम्र की निशानियों को मिटाता है: धूल-मिट्टी व प्रदूषण और स्किन पर UV किरणों तथा फ्री रैडिकस् के प्रभाव से लोगों में असमय ही बुढ़ापे के लक्षण दिखाई देने लगते हैं। गन्ने के जूस में पर्याप्त मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। इसके इस्तेमाल से झुर्रियां व पिगमेंटेशन का खतरा कम होता है। 2-3 चम्मच गन्ने का रस और चुटकी भर हल्दी लेकर दोनों को मिलाएं। पूरे चेहरे पर करीब 10 से 12 मिनट तक इसे लगाए रखें। फिर चेहरे को गुनगुने पानी से धो लें। सप्ताह में 2 बार इस उपाय को अपना सकते हैं।