चेहरे पर एक्ने या पिंपल होना बेहद आम समस्या है, जो एक उम्र के बाद अधिकतर लोगों को प्रभावित करती है। वहीं, परेशानी तब ज्यादा बढ़ जाती है जब पिंपल तो ठीक हो जाता है लेकिन इसके बाद आपके चेहरे पर निशान रह जाता है। इतना ही नहीं, कई बार ये निशान बेहद डार्क होते हैं और दूर से ही नजर आने लगते हैं। ऐसे में इनके चलते लोग अपना कॉन्फिडेंस खोने लगते हैं।

चेहरे पर जगह-जगह मौजूद एक्ने और पिपंल के निशान खूबसूरती पर दाग की तरह नजर आते हैं। ऐसे में अगर आप भी अक्सर इस समस्या का सामना करते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको पिंपल के निशान से जल्द छुटकारा पाने के कुछ आसान तरीके बता रहे हैं। इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर एक्ने-पिंपल के बाद चेहरे पर निशान होते क्यों हैं?

स्किन एक्सपर्ट से जानें कारण-

मामले को लेकर मशहूर डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में स्किन एक्सपर्ट बताती हैं, ‘पिंपल होने के बाद इसे छूने या पिंच करने से चेहरे पर निशान रह जाते हैं। ये बात अधिकतर लोग जानते हैं। हालांकि, इससे अलग कई बार ऐसा न करने पर पिंपल मार्क्स रह जाते हैं। यानी पिंपल को न छूने पर भी चेहरे पर निशान हो सकते हैं।’

क्यों होता है ऐसा?

डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, ‘जब आपकी स्किन पर एक्ने या पिंपल होते हैं, तो ये प्रक्रिया त्वचा पर चोट लगने जैसी होती है, इससे स्किन में मेलेनिन बढ़ जाता है और उस हिस्से पर निशान बन जाता है। इस तरह के निशानों को पोस्ट इंफ्लेमेटरी हाइपरपिग्मेंटेशन कहा जाता है। खासकर डार्क स्किन टोन वाले लोगों में ये निशान अधिक गहरे हो सकते हैं।’

पिंपल और एक्ने के बाद चेहरे पर होने पर निशानों को जल्दी कैसे ठीक करें?

इस सवाल का जवाब देते हुए डॉ. पंथ बताती हैं, वैसे तो पिंपल और एक्ने के बाद आपके चेहरे पर 6 से 8 हफ्तों के लिए निशान रह सकते हैं। हालांकि, इन्हें जल्द ठीक करने के लिए आप एज़ेलिक एसिड क्रीम, कोजिक एसिड, अल्फा अर्बुटिन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आपको दिन में 2 बार इनका इस्तेमाल करना होगा।

इन सब अलग डॉ. सन्सक्रीन के इस्तेमाल को भी बेहद जरूरी बताती हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट आंचल पंथ के मुताबिक, सन्सक्रीन की मदद से भी एक्ने और पिंपल के बाद होने वाले निशानों को जल्द ठीक किया जा सकता है।

उम्मीद है कि स्किन केयर से जुड़ी ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- क्या रोज चंपी करने से बाल बढ़ सकते हैं? एक्सपर्ट से जान लें Hair Growth से जुड़ा सबसे फायदेमंद सीक्रेट

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।