How to Get Long and Strong Hair : अक्सर लोग यह मानते हैं कि बाल ही खूबसूरती का पर्याय होते हैं। जिनके सिर पर घने-लम्बे बाल होते हैं लोग उनसे उनके हेयर सीक्रेट जानने की कोशिश करते रहते हैं। घने-लम्बे बाल तकरीबन हर लड़की की ख्वाहिश होती है। इसलिए ही लड़कियां अक्सर बाल लम्बे करने के उपाय ढूंढती रहती है।

माना जाता है कि बालों को घना और लम्बा बनाने के लिए घरेलू उपाय बहुत असरदार साबित होते हैं। लेकिन साथ ही इसमें डेली रूटीन की भी खास भूमिका होती है। घने-लम्बे बाल पाने के लिए बालों को पोषण देना चाहिए। इसके लिए कुछ आदतों को अपने रूटीन में शामिल करना जरूरी है।

हफ्ते में दो बार बाल धोएं – बालों को मजबूती देने के लिए उन्हें साफ रखना बहुत जरूरी है। हफ्ते में दो बार बाल धोएं। साथ ही यह ध्यान रखें कि बाल हल्के हाथों से धोएं। क्योंकि अगर आप बाल धोते समय बहुत रगड़ेंगे तो इससे हेयर डैमेज होकर ज्यादा टूटते हैं। बाल धोने के बाद हल्के हाथ से सूती कपड़े से पौछें। बालों पर ड्रायर या प्रेसिंग मशीन का इस्तेमाल न करें।

ऑयलिंग है जरूरी – माना जाता है कि बालों को पोषण देने के लिए तेल लगाना बहुत जरूरी है। अगर आप अपने बालों में तेल नहीं लगाएंगे तो उन्हें पोषण नहीं मिलेगा। इसलिए ऐसा होने पर उनकी लम्बाई भी रुक जाती है और बाल हल्के भी पड़ने लगते हैं। आपके पास ज्यादा समय न हो तो हफ्ते में एक से दो बार 12-12 घंटे के लिए तेल जरूर लगाएं। साथ ही यह ध्यान रखें कि बालों की लम्बाई जड़ों पर मसाज करने से बढ़ती है। इसलिए तेल लगाकर जड़ों पर 20 से 25 मिनट तक मसाज जरूर करें।

खाने में भरपूर मात्रा में लें विटामिन ई – अगर आप घने बाल पाना चाहते हैं तो सिर्फ बाहरी ही नहीं बल्कि अंदरूनी तौर पर भी अपने बालों को पोषण दें। जिन खाद्य पदार्थों में पर्याप्त मात्रा में विटामिन ई होता है उनका सेवन अधिक से अधिक करें। इनमें आंवला, करी पत्ता, गाजर और मछली शामिल है। अगर आप चाहें तो विटामिन ई की गोलियों का सेवन भी कर सकते हैं। इससे आपके बाल बहुत तेजी से बढ़ेंगे।

घरेलू उपायों से होता है लाभ – बालों को घना और लम्बा बनाने में दादी-नानी के घरेलू उपाय बहुत कारगर माने जाते हैं। कहते हैं कि इन्हें लोग सालों से आजमाते आ रहे हैं। इसलिए इन पर आसानी से भरोसा किया जा सकता है। खास तौर पर गुड़हल के फूल, कलौंजी, मेथी दाना, प्याज का रस, करी पत्ता और आंवला के उपाय बालों के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। यह बाल घने-लम्बे करने के प्राकृतिक उपाय हैं।