चेहरे पर पिंपल होना एक आम समस्या है, जो समय-समय पर लोगों को परेशान करती है। पिंपल खूबसूरती पर दाग की तरह नजर आते हैं। वहीं, कई बार तो किसी स्पेशल इवेंट या त्योहार से पहले चेहरे पर पिंपल निकल आता है, जो फिर परेशानी को ओर बढ़ा देता है। ऐसे में अगर आप भी अक्सर इस तरह की समस्या का सामना करते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए बड़े काम का साबित हो सकता है।

यहां हम आपको एक ऐसा कमाल का तरीका बता रहे हैं, जिसकी मदद से पिंपल से जल्द छुटकारा पाया जा सकता है। इतना ही नहीं, कई मामलों में इस तरीके को अपनाने से एक दिन में ही पिंपल को ठीक किया जा सकता है। आइए जानते हैं इस तरीके के बारे में विस्तार से-

क्या है ये खास तरीका?

दरअसल, ये खास तरीका सेलिब्रिटी डर्मेटोलॉजिस्ट जयश्री शरद ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है। डर्मेटोलॉजिस्ट के मुताबिक, पिंपल को जल्द ठीक करने के लिए आप गर्म सिकाई की मदद ले सकते हैं।

इसके लिए अपने हाथों और चेहरे को अच्छी तरह धो लें। अब, एक साफ कॉटन का कपड़ा लें और इसे गर्म पानी में डूबा लें। इस कपडे़ को पिंपल वाले हिस्से पर लगाएं और 15 से 20 मिनट सिकाई करें। इसके बाद पिंपल पर एंटीसेप्टिक या एंटी बैक्टीरियल क्रीम लगा लें। आप इस तरीके को दिन में 2 से 3 बार आजमा सकते हैं।

कैसे करता है असर?

डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं कि इस तरीके को अपनाने से पिंपल उसी जगह दब जाता है और पस निकल आता है, जिससे पिंपल जल्दी ठीक हो जाता है। साथ ही इससे पिंपल के दर्द और सूजन को कम करने में भी मदद मिल सकती है। हालांकि, अगर चेहरे पर पिंपल ज्यादा हैं या गंभीर पिंपल हैं, तो इस स्थिति में जयश्री शरद एक्सपर्ट्स से सलाह लेने को जरूरी बताती हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।