सर्दियों में पालक का साग खूब खाया जाता है। ये ना केवल स्वाद में लाजवाब होता है बल्कि पालक खाने से सेहत को भी कई फायदे मिलते हैं। यही वजह है कि लोग इस हेल्दी और टेस्टी डिश को बड़े ही चाव के साथ खाना पसंद करते हैं। हालांकि, इसके साथ एक परेशानी ये होती है कि पालक को साफ करने में बड़ी ही मेहनत लग जाती है। आपको इससे एक-एक पत्ती को चुनकर निकालना होता है, जिसमें बहुत अधिक समय भी चला जाता है। ऐसे में फिर लोग घर पर इस सब्जी को बनने से बचने लगते हैं।

अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं या समय की कमी के चलते घर पर पालक नहीं बना पाते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए बड़े काम का साबित हो सकता है। यहां हम आपको पालक की जल्दी सफाई करने की एक बेहद आसान ट्रिक बता रहे हैं। इस ट्रिक की मदद से आपको एक-एक पत्ते को चुनने की जरूरत नहीं होगी। आइए जानते हैं इसके बारे में-

कैसे करें पालक की जल्दी सफाई?

  • इसके लिए सबसे पहले पालक की गड्डी को खोल लें।
  • अब, गड्डी से थोड़ा पालक निकालें, इसे बीच से पकड़ें और कैंची की मदद से पालक की जड़ों को काट दें।
  • इतना करने के बाद आपको अब पालक को पत्तों से पकड़ना है और इसे उल्टा कर जोर से हिलाना है। ऐसा करने से पालक से छोटे-छोटे पत्ते जड़ों की तरफ से बाहर निकल आएंगे और आपके हाथों में केवल बड़े पत्ते रह जाएंगे।
  • इसी तरह गड्डी से थोड़े-थोड़े पत्ते निकालें और जड़ों को काट लें।
  • इस तरह सारे छोटे पत्ते खुद ही अलग हो जाएंगे। आप नीचे गीरे छोटे पत्तों में से साफ पत्ते अलग कर सकते हैं और खराब पत्ते फैंक सकते हैं। वहीं, बड़े खराब पत्ते भी आपको आसानी से अलग ही दिख जाएंगे।
  • यानी इस तरीके को अपनाकर आप एक-एक पत्ते को चुनकर बाहर निलाने की जरूरत नहीं होगी।

धोने के लिए अपनाएं ये ट्रिक

अब, एक बार साफ पत्ते निकालने के बाद पालक को धोने में भी बहुत समय लग जाता है। इस प्रोसेस को जल्दी करने के लिए भी आप आसान ट्रिक अपना सकते हैं। इसके लिए पालक को एक बर्तन में रखें, इसमें हल्का गुनगुना पानी और नमक डालकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। ऐसा करने से पालक में अगर कोई कीड़ा होगा, तो वो भी बादर निकल आएगा, साथ ही नमक से बैक्टीरिया का सफाया करने में भी मदद मिलती है।

आखिर में आप दो से तीन बार पालक को साफ पानी से धो सकते हैं और इतना करने के बाद पालक सब्जी बनाने के लिए एकदम तैयार हो जाएगा।

इससे यहां क्लिक कर पढ़ें- Morning Mantra: क्या उपमा पोहा से बेहतर है? जानें नाश्ते के लिए कौन सा विकल्प चुनें