बरसात के मौसम में बारिश का पानी घर और आस-पास का माहौल नम कर देता है। जगह-जगह पानी का जमाव होने लगता है जो मच्छर,मक्खियों और बैक्टीरियां में वृद्धि के लिए माकूल माहौल है। इस मौसम में मलेरिया,डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा अधिक रहता है। बरसात में घर में मच्छरों और मक्खियों से बचाव करने के लिए हम घर के कोने-कोने की सफाई करते हैं,पानी के जमाव को खत्म करते हैं, जगह-जगह फिनाइल का पोछा लगाते हैं फिर भी मच्छर और मक्खियां रुकने का नाम नहीं लेती। पानी में फिनाइल डालकर पोछा लगाने से फर्श पर मौजूद वायरस मर जाते हैं।

इस मौसम में मच्छर और मक्खियां ना सिर्फ देखने में गंदगी महसूस कराती हैं बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ाती हैं। इस मौसम में आप भी मच्छरों और मक्खियों से परेशान हैं तो इन्हें भगाने के लिए खास तरीके से घर का पोछा लगाएं। पोछा लगाते समय कुछ खास नुस्खो का इस्तेमाल करने से ना सिर्फ मच्छर मक्खियों से बचाव होगा बल्कि आब-ओ-हवा में खुशबू भी महसूस होगी। आइए जानते हैं कि बरसात में पोछा कैसे लगाएं।

पानी में सिरका मिलाकर लगाएं पोछा

घर में मच्छर और मक्खियां ज्यादा आ रहे हैं तो सिरके का पोछा लगाएं। एक बाल्टी में पानी भरे और उसमें एक ढक्कन सिरका का मिलाएं और उसे अच्छे से मिक्स करलें। पोछा को अच्छे से वॉश कर लें और निचोड़ लें। अब पोछे को सिरके के पानी में डालें और उसे निचोड़ लें और फर्श का पोछा लगाएं। सिरके के पानी से पोछा लगाने से मच्छर और मक्खियां भाग जाएंगे और आपके घर में खुशबू भी महकेगी। सिरके की खुशबू से मच्छर,मक्खियां और बरसाती कीड़ों के आने का खतरा नहीं रहेगा।

फिनाइल का पोछा भी है असरदार

घर में मच्छर,मक्खियों,कीड़ों और वायरस से बचाव करने के लिए फिनाइल का पोछा कीटनाशक की तरह असर करता है। एक छोटी बाल्टी में पानी लें और उसमें दो ढ़क्कन फिनाइल को मिलाएं और उसे अच्छे से मिक्स कर लें। इस पानी में पोछे को डुबोएं और अपने फर्श का पोछा लगाएं। फिनाइल से पोछा लगाने से कीड़े,मच्छर भाग जाएंगे और किसी तरह के इंफेक्शन का भी खतरा नहीं रहेगा।

क्लीनिंग सोलूशन से करें मच्छरों और मक्खियों का सफाया

बरसात में घर में मच्छर,मक्खियों और वायरस से बचाव करने के लिए आप घर में ही क्लीनिंग सोलूशन तैयार करें और उससे पोछा लगाएं। इस सोलूशन को तैयार करने के लिए आप सबसे पहले नमक,बेकिंग सोडा और सिरका लें। एक बाल्टी में पानी लें और उसमें 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा,2 चम्मच नमक और 2-3 चम्मच सिरका का मिलाएं। इन सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें और उसमें पोछा को डुबोकर कमरे से लेकर किचन तक का पोछा लगाएं। इस सोलूशन से पोछा लगाने से घर में कीड़े,मच्छर और मक्खियों से बचाव होगा।

पुदीने और तुलसी के पाउडर का पोछा लगाएं

मक्खियों को भगाने के लिए पुदीना और तुलसी को पीसकर उसका पेस्ट बना लें और इस पाउडर को एक बाल्टी पानी में मिलाएं और उसमें पोछे को भिगोकर उससे पोछा लगाएं। इस पानी से पोछा लगाने से मक्खियां और मच्छर दूर होंगे। इस पानी का पोछा कीटनाशक की तरह असर करेगा।