प्यार एक बेहद खूबसूरत एहसास है। जब आप किसी से प्यार करते हैं, तो आपको न केवल वो शख्स बल्कि अपने आसपास मौजूद हर चीज अच्छी लगने लगती है। आप खुश रहते हैं और उस शख्स के साथ ही अपना हर पल बिताना पसंद करते हैं। हालांकि, ये खूबसूरत एहसास अपने साथ कई चुनौतियां भी लेकर आता है। इन्हीं में से एक है विश्वास।

आसान भाषा में समझें तो जब आप किसी शख्स से प्यार करते हैं और उसके साथ रिलेशनशिप में आते हैं, तो शरुआत में सब अच्छा-अच्छा लगता है। हालांकि, फिर ज्यादातर रिश्तों में समय के साथ किसी एक पार्टनर के मन में ये ख्याल आने लगता है कि सामने वाला शख्स उन्हें लेकर सीरियस है भी या नहीं? क्या वो शख्स भी उनसे उतना ही प्यार करता है या केवल प्यार में होने का दिखावा कर रहा है?

अब, अगर आप भी अपने रिश्ते में इस स्थिति से गुजर रहे हैं और इन सवालों का जवाब खोज रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। आइए रिलेशनशिप कोच से जानते हैं कि आपका पार्टनर आपको लेकर सीरियस है या नहीं, इस बात का पता कैसे लगाया जाए-

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

मामले को लेकर रिलेशनशिप कोच और लेखक जावल भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने एक बेहद आसान तरीका बताया है, जिसपर ध्यान देकर आप पता लगा सकते हैं कि आपका पार्टनर आपके साथ रिश्ते को कितना खास या आम मानता है।

इस बात पर दें ध्यान-

जावल भट्ट बताते हैं, ‘आज के समय में बहुत से लोग केवल प्यार में होने का दिखावा करते हैं। रिश्ते में आने के बाद वे आपसे शादी का वादा करते हैं, आपको बताते हैं कि वे आपको लेकर बहुत गंभीर हैं और अपनी पूरी जिंदगी आपके साथ ही बिताना चाहते हैं, जबकि उनके मन में ऐसा कुछ नहीं होता है। ऐसे लोगों की पहचान करना सिखें। अगर आप पता लगाना चाहते हैं कि सामने वाला शख्स आपको लेकर क्या सोचता है तो इसके लिए उनकी बातों से ज्यादा उनके एक्शन पर ध्यान दें।’

रिलेशनशिप कोच के मुताबिक, ‘आप केवल लोगों की हरकतों या उनके एक्शन्स पर ध्यान देकर ही उनके मन की बात को समझ सकते हैं। अगर कोई शख्स आपको वाकई प्यार करता है, तो वो प्यार उनके एक्शन में नजर आता है। ठीक इसी तरह आप दिखावे को भी पकड़ सकते हैं। छोटी-छोटी बातों पर ध्यान दें। अगर सामने वाला शख्स ना तो कभी खुद से बातचीत शुरू करता है, ना खुद से आपसे मिलने का प्लान बनता है, वो आपको और आपके जीवन में चल रही चीजों को जानने में उत्सुक नहीं है, आपकी बातों से उन्हें कभी उतना फर्क नहीं पड़ता है या वो हमेशा अपनी इच्छा के अनुसार ही चीजें करना चाहता है तो ये यकीनन अच्छा साइन नहीं है। इस तरह की बातें नजर आने पर अपने पार्टनर से खुलकर बात करें, अपने मुद्दों और इच्छाओं के बारे में उन्हें बताएं, अगर ऐसा करने के बाद भी चीजें सही महसूस नहीं होती हैं, तो समझ जाएं कि वे आपके लिए उतने गंभीर नहीं हैं। इस तरह के रिश्ते में रहने से आपको केवल तकलीफ ही मिल सकती हैं।’

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Panda Parenting क्‍या है, Aishwarya Rai से लेकर Riteish Deshmukh तक, क्यों बड़े-बड़े सेलिब्रिटी फॉलो करते हैं इसे?