How to wake up early: आपने अक्सर घर के बड़े-बुजुर्गों से एक बात जरूर सुनी होगी। रात में जल्दी सोना और सुबह जल्दी उठना सेहत और सफलता का मंत्र है। लेकिन बहुत सारे लोगों को सुबह जल्दी उठने में दिक्कत होती है। वहीं बात अगर आलसी लोगों की करें तो उनके लिए तो ये काम बेहद मुश्किल भरा होता है। उनको नींद कुछ ज्यादा ही प्यारी होती है। खराब लाइफस्टाइल का असर सेहत नहीं हमारी आदतों पर भी पड़ता है। लेकिन क्या कभी एक बात नोटिस की है अगर आप सुबह जल्दी सोकर उठते हैं तो न केवल आपके सारे काम समय से निपट जाते हैं बल्कि दिनभर आप फ्रेश भी महसूस करते हैं। यहां हम ऐसे 5 बेस्ट तरीके लेकर आए हैं जिसे फॉलो करने से आलसी से आलसी इंसान भी सुबह जल्दी सोकर उठ सकता है। आइए जानते हैं इनके बारे में।
1- रात में जल्दी सोने की करें कोशिश
सुबह देर से उठने का सबसे बड़ा कारण होता है रात में समय से न सोना। जो लोग रात में देर तक फोन चलाते हैं या किसी भी वजह से जगे रहते हैं ऐसे लोगों को सुबह उठने में सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। ऐसे में कोशिश करें कि रात में जल्दी बिस्तर पर जाएं। जब आपकी 7 से 8 घंटे की नींद पूरी हो जाएगी तो आप सुबह आपकी आंख अपने आप ही जल्दी खुलने लगेगी।
2- रात में खाने पर भी रखें ध्यान
अगर आपको सुबह जल्दी उठने में आलस आता है तो रात के डिनर में खानपान का विशेष ध्यान रखें। रात में हैवी डिनर लेने की बजाए ग्रीन वेजिटेबल्स, दलिया, सलाद को डाइट का हिस्सा बनाएं। कोशिश करें कि आपका डिनर 7 से 8 बजे के बीच हो जाए। रात में सोने से पहले करीब 2 या 3 घंटे पहले कुछ भी न खाएं। इससे आपका पेट हल्का रहेगा और आपको सुबह उठने में दिक्कत नहीं होगी।
3- सोने से पहले करें दिमागी कसरत
कई लोगों की शिकायत होती है की बिस्तर पर जाने के बाद भी उन्हें नींद नहीं आती है। ऐसे में आपको सोने से पहले थोड़ी देर दिमागी कसरत करनी चाहिए। इसके लिए आप लाइट बंद करके लेट जाएं। इसके बाद दिमाग में कुछ रिपीट होने वाला पैटर्न सोचें। जैसे हम बचपन में करते थे जैसे रिवर्स काउंटिग करना, किसी नंबर को याद करना और उसके आसपास के नंबर को जोड़ना या घटाना। ऐसा करने से आप दिमाग पर काबू कर पाएंगे।
4- अलार्म को दूर रखकर सोएं
ज्यादातर लोग सुबह उठने के लिए रात में अलार्म लगाकर सोते हैं। लेकिन कई बार हम अलार्म को बंद करके फिर से गहरी नींद में सो जाते हैं। इस समस्या का समाधान ये है कि आप रात में अलार्म लगाकर उसे खुद से दूर रखकर सोएं। ऐसा करने से आप दोबारा नींद के आगोश में नहीं जाएंगे। फोन में या नजदीक में अलार्म होने के कारण हम उसे आसानी से बंद करके सो जाते हैं। अगर आपको अलार्म बंद करने के लिए दूर जाना पड़ेगा तो सुबह उठने में मदद मिलेगी।
5- सुबह जिम जाने के लिए साथी ढूंढ़ें
अगर आपको भी सुबह उठने में बहुत ज्यादा आलस आता है तो इसके लिए सबसे बेस्ट तरीका है कि अपने लिए सुबह जिम जाने के लिए साथी ढूंढ़ें। ऐसा करने से आपको सुबह उठने में मदद मिलेगी। फिटनेस रूटीन फॉलो करने वाले लोग न केवल आपको भी प्रेरित करेंगे बल्कि सुबह आपको साथ ले जाने के लिए संपर्क भी करेंगे। नियमित रूप से जिम जाने के लिए दूसरे साथी को देखकर आपको भी आलस महसूस नहीं होगा। किसी दोस्त को भी अपने साथ जिम जॉइन कराएं। इससे दोनों एक साथ जिम जा सकते हैं।