Tips to remove pimples: चाहे महिला हो या पुरुष, हर कोई चाहता है कि उसका चेहरा बेदाग दिखे। लेकिन पिंपल्स और मुहासों की समस्या बेहद आम है, लगभग हर व्यक्ति ने जीवन में कभी न कभी इस परेशानी का सामना जरूर किया है। ये चेहरे की खूबसूरती को कम कर देते हैं, यही वजह है कि लोग इनसे छुटकारा पाने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। कुछ लोग इससे दूर रहने के लिए ब्यूटी ट्रीटमेंट्स भी करवाते हैं। हालांकि, ये तरीके आपके स्किन के लिए उपयुक्त हो ये जरूरी नहीं है। कई बार इनसे सेंसिटिव स्किन और भी रूखी हो जाती हैं। ऐसे में कई लोग महंगी क्रीम से ज्यादा घरेलू उपायों पर भरोसा करते हैं। इन्हीं में से एक उपाय है शहद का इस्तेमाल, आइए जानते हैं कैसे-
शहद यूज करने के फायदे: शहद में प्राकृतिक एंटीसेप्टिक गुण पाए जाते हैं जो पिंपल्स की सूजन को करने का काम करते हैं। वहीं, इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल गुण एक्ने के बैक्टीरिया को खत्म करने और पिंपल को ठीक करने में कारगर हैं। एनसीबीआई (National Center for Biotechnology Information) की वेबसाइट पर छपी एक रिसर्च के अनुसार पिंपल को खत्म करने में शहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कैसे करें शहद का इस्तेमाल: शहद को पिंपल्स पर लगा कर कुछ देर छोड़ दें। उसके बाद ठंडे दूध से चेहरे की मसाज करते हुए इसे हटा लें। इस पूरी प्रक्रिया में केवल 15 मिनट लगेंगे जिसे हफ्तेभर लगातार करने से पिंपल्स खत्म हो जाते हैं। इसके अलावा, शहद में थोड़ी सी दालचीनी पाउडर और नींबू का रस डालकर पिंपल्स पर लगाएं। इससे भी पिंपल्स जल्दी खत्म हो सकते हैं। वहीं, शहद से बना फेस मास्क का इस्तेमाल भी पिंपल से निजात पाने के लिए किया जा सकता है।
ऐसे बनाएं शहद फेस पैक: शहद से बने फेस पैक भी पिंपल्स को हटाने में कारगर हैं। आप शहद और बेकिंग सोडा को मिलाकर फेस मास्क बना सकते हैं। बेकिंग सोडा भी अपने एंटीबैक्टीरियल गुण के कारण पिंपल का खात्मा करने में सक्षम है। इसे बनाने के लिए 2 चम्मच शहद और 1 चम्मच खाने वाले बेकिंग सोडा की जरूरत होगी। दोनों सामग्रियों को अच्छी तरह से मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इस मिश्रण को मुंहासे पर लगाएं। दो से तीन मिनट तक इसे लगा रहने दें और फिर हल्के हाथों से मसाज कर इसे हटा लें। उसके बाद गुनगुने पानी से चेहरा अच्छी तरह साफ करें।