How To Make Ghee: भारतीय किचन में हर रोज घी का प्रयोग किया जाता है। यह खाने के स्वाद को बढ़ाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। वैसे तो आज के समय में मार्केट में कई तरह के घी मिलते हैं। हालांकि, इन घी में मिलावट का खतरा काफी रहता है।
बाजार में मिलने वाले घी की गुणवत्ता कई बार काफी खराब होती है, जिसका नकारात्मक असर हेल्थ पर भी दिखाई देने लगता है। ऐसे में शुद्ध और दानेदार घी को आप आसानी से अपने घर पर ही तैयार कर सकते हैं। इसका सेवन न सिर्फ हेल्थ के नजरिए से फायदेमंद होता है, बल्कि यह खाने के स्वाद में भी चार चांद लगाता है। ऐसे में इस आर्टिकल में हम आपको घर पर ही बढ़िया और दानेदार घी तैयार करने की विधि के बारे में बताएंगे।
घर पर कैसे बनाएं घी?
घर पर घी को तैयार करने के लिए आपको सबसे पहले शुद्ध दूध की मलाई की जरूरत होगी। अगर आप घर पर दूध का उपयोग करते हैं, तो हर रोज उबले दूध की ऊपर जमी मलाई को एक जगह इकट्ठा करते रहें। कुछ समय बाद अगर इसकी मात्रा अधिक हो जाए, तो आप घी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
मलाई को सही से मिलाएं
अब मलाई को फ्रिज से निकाल लें और इसको एक बर्तन में डालकर मथनी या हैंड ब्लेंडर से अच्छी तरह फेंटें। आप इसमें हल्का ठंडा पानी भी मिला सकते हैं। इससे मक्खन और मट्ठा आसानी से अलग हो जाएगा। अब इसके बाद ऊपर आए मक्खन को आसानी से अलग कर एक जगह रख लें।
इस तरह निकालें घी
घी को तैयार करने के लिए आप इस मक्खन को एक मोटे पैन में डालें और इसको मध्यम आंच पर गर्म करें। धीरे-धीरे मक्खन पिघलने लगेगा और उसमें से झाग निकलने लगेगा। कुछ देर में इसमें से सुनहरी रंग दिखने लगेंगी। जब इसमें ब्राउन रंग आ जाए तो आप गैस को बंद कर दें। अब अंत में घी को ठंडा होने दें और फिर एक साफ सूती कपड़े या छन्नी से छानकर कांच के जार में भर लें। इस तरह आप घर पर ही आसानी से देसी घी तैयार कर सकते हैं।