Holi Care for baby: होली पर लोग जमकर मस्ती करते हैं। हर तरफ रंग-गुलाल हवा में उड़ता नजर आता है। बच्चों में होली को लेकर अलग ही क्रेज देखने को मिलता है। हाथों में पिचकारी, रंगों से भरे गुब्बारे लिए बच्चे इधर-उधर भागते नजर आ जाते हैं। कोई रंग से सराबोर नजर आता है तो कोई पानी से भीगा हुआ। इस दिन छोटे बच्चे को सेफ रखने के लिए आपको कुछ टिप्स जरूर फॉलो करने चाहिए, नहीं तो उनकी सेहत खराब हो सकती है। यहां हम आपके लिए कुछ टिप्स लेकर आएं हैं जिन्हें आपको होली खेलने से पहले और बाद में बच्चों के साथ अपनाना चाहिए। इससे बच्चों को होली के दिन सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

होली खेलने से पहले बच्चों के तेल जरूर लगाएं

बच्चों की स्किन बेहद सेंसिटिव होती है। ऐसे में केमिकल वाले रंगों से उन्हें बचाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। बच्चे जब भी होली खेलने के लिए घर से बाहर जाएं तो उनके तेल जरूर लगाएं। ऐसा करने से रंग ज्यादा नहीं चढ़ेगा और उतर भी जल्दी जाएगा।

होली के दिन बच्चों की आंखों को रंग से कैसे बचाएं?

होली के दिन बच्चों की आंखों को रंग से बचाने के लिए उन्हें घर से बाहर जाने से पहले चश्मा पहनाएं। इसके लिए आप बच्चे के सनग्लासेज का इस्तेमाल कर सकती हैं। आंख में रंग जाने पर तुरंत उसे ठंडे पानी से धोएं। लगातार जलन होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श करें।

होली से पहले जरूर काट दें बच्चों के नेल्स

बच्चों के नेल्स को होली से पहले जरूर काट दें। बच्चे होली वाले दिन रंगों के संपर्क में रहेंगे। ऐसे में ये रंग उनके नेल्स में भी भर जाएंगे। बाद में इससे उन्हें दिक्कत हो सकती है। इसके साथ ही बड़े नेल्स से बच्चे खुद को या किसी दूसरे बच्चे को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए उनके नेल्स काटकर ही उन्हें खेलने भेजें।

होली वाले दिन बच्चे को कैसे नहलाएं?

  • होली खेलने के बाद जब बच्चा घर आए तो उसे नहलाने के लिए पानी का तापमान जरूर चेक करें।
  • बच्चे को जिस पानी में नहालाया जा रहा है वो 36-38°C तक हो। ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल न करें।
  • रंग छुड़ाने के लिए बच्चे को साबुन लगाने के लिए अपने हाथों का इस्तेमाल करें। बच्चे के हल्के हाथ से ही साबुन लगाएं।
  • रंग हटाने के लिए उनकी स्किन को तेजी से न रगड़ें। ऐसा करने से उसको बाद में जलन महसूस हो सकती है।
  • नहलाते समय बच्चे को बहुत ज्यादा देर तक पानी में रखने से परहेज करना चाहिए।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।