Holi 2025: रंगों का त्योहार होली आने में महज कुछ दिन ही बचे हैं। बाजारों से लेकर घरों में त्योहार की रौनक देखते ही बन रही है। मौसम भी गर्म हो गया है। ऐसे में सभी लोग जमकर होली खेलने को तैयार बैठे हैं। लेकिन अगर आप होली पर केमिकल वाले रंगों से अपनी स्किन को बचाना चाहते हैं तो सुबह उठते ही आपको कुछ काम याद से कर लेने चाहिए। ऐसा करने से न केवल आपकी स्किन खराब होने से बचेगी बल्कि रंग भी बेहद आसानी से उतर जाएगा। शरीर पर रैशेज, ड्राईनेस और खुजली की दिक्कत होने की संभावना भी कम हो जाएगी। सेंसेटिव स्किन वालों को तो इन बातों का बेहद ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं इसके बारे में।

सुबह उठने के बाद लगाएं ये नेचुरल मास्क

सेंसेटिव स्किन वाले लोगों को होली की सुबह चेहरे पर नेचुरल मास्क जरूर लगाना चाहिए। ऐसा करने से चेहरे पर खुजली, पिंपल या जलन की दिक्कत नहीं होगी। इसे बनाने के लिए सबसे पहले बेसन में गुलाब जल, दही और थोड़ा सरसों का तेल मिक्स करें। इसके बाद चेहरे पर इसे अप्लाई करें। थोड़ी देर बाद चेहरे को ठंडे पानी से धो लें। अब चेहरे पर गुलाब जल लगाएं। ये ट्रिक अपनाने से आपके चेहरे पर गुलाल और रंग का कोई इफेक्ट नहीं पड़ेगा। इसके बाद भी खुजली या जलन होने पर आप मिंट जेल भी लगा सकती हैं। इससे स्किन को ठंडक मिलेगी।

कोकोनट ऑयल और वाटर

जिन लोगों की स्किन काफी सेंसेटिव है उन्हें होली खेलने से पहले सुबह अपनी स्किन पर कोनट ऑयल और वाटर लगाना चाहिए। नारियल का तेल शरीर के साथ-साथ बालों के लिए भी अच्छा माना जाता है। वहीं होली खेलने से पहले आप स्किन पर नारियल पानी भी लगा सकते हैं। ऐसा करने से रंगों का असर कम पड़ेगा। इसके साथ ही होली वाले दिन स्किन ग्लो भी करेगी।

चेहरे पर करें आइस क्यूब से मसाज

ये तो ज्यादातर लोगों को पता ही होगा की चेहरे पर आइस क्यूब से मसाज करने से स्किन पोर्स बंद हो जाते हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि ये ट्रिक होली वाले दिन भी आपके काम आ सकती है. अगर आप चाहते हैं कि होली का रंग आपके चेहरे को खराब न करे तो आपको होली वाले दिन सुबह उठते ही सबसे पहले चेहरे पर आइस क्यूब से मसाज करनी चाहिए. ऐसा करने से आपके पोर्स बंद हो जाएंगे. इसके बाद आपके दोस्त कितना भी पक्का रंग लगा लें, वो आपके चेहरे को नुकसान नहीं पहुंचाएगा।

एलोवेरा जेल में गुलाब जल मिलाकर लगाएं

जिन लोगों की स्किन सेंसटिव होती है उनके चेहरे पर कई बार रंग लगने के बाद खुजली, जलन या पिंपल निकलने की समस्या होने लगती है। अगर आप इनसे बचना चाहते हैं तो आपको होली वाले दिन सुबह उठने के बाद एलोवेरा जेल में गुलाब जल मिलाकर लगाना चाहिए। ऐसा करने से आपको ये दिक्कत कम होगी। इस मिश्रण को आप चेहरे के साथ-साथ शरीर के अन्य हिस्सों पर भी अप्लाई कर सकते हैं।

सनस्क्रीन लगाना बिल्कुल न भूलें

आपकी स्किन नॉर्मल हो या फिर सेंसेटिव आपको होली वाले दिन घर से निकलने से पहले सनस्क्रीन जरूर लगाना चाहिए। ऐसा करने से आप सूरज की पराबैंगनी किरणों से तो बचेंगे ही साथ ही चेहरे पर केमिकल वाले रंगों का असर भी कम होगा। इसके लिए आप कोई भी 30 SPF वाला सनस्क्रीन लगा सकते हैं। होली वाले दिन इसे थोड़ी ज्यादा मात्रा में लगाएं। ऐसा करने से चेहरे पर एक लेयर बन जाएगी. जो रंगों से बचाव करने में मदद करेगी।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।