Holi 2025: रंगों का त्योहार होली बिना मिठाइयों की मिठास के अधूरा माना जाता है। घरों की रसोई इन दिनों पकवानों की खुशबू से महकना शुरू हो गई है। होली पर गुजिया और मालपुआ बनाने का चलन सालों से चला आ रहा है। पापड़, ठंडाई से ज्यादा लोगों को होली पर बनने वाली गुजिया का इंतजार रहता है। क्योंकि यह सिर्फ होली पर तैयार की जाती है। त्योहार आते ही बाजार में मिलावट का खेल शुरू हो जाता है। ऐसे में अगर आप बीमार होने से बचना चाहते हैं तो घर पर ही ‘हलवाई स्टाइल मावा’ (khoya recipe) तैयार कर सकते हैं। इसके साथ ही अगर आप बाजार से मावा लाने का सोच भी रहे हैं तो आपको पता होना चाहिए कि खोया असली है या नकली। इसकी पहचान आप मिनटों में बड़ी आसानी से कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में।

घर पर खोया कैसे बनाएं? (How to make mawa at home?)

‘हलवाई स्टाइल मावा’ बनाने के लिए आपको भैंस के फुल क्रीम दूध की जरूरत होगी। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाला बर्तन लें। अब इसमें दूध उबलने के लिए रख दें। गैस को मीडियम रखें। ध्यान से इसे हर 5 मिनट में चलाते रहें। दूध गाढ़ा होने पर इसे लगातार चलाएं। धीरे-धीरे इसे पकाएं। तैयार होने पर गैस को बंद कर दें।

दानेदार खोया

अगर आप घर पर दानेदार खोया बनाना चाहते हैं तो आपको दूध को उबालते समय उसमें नींबू का रस मिलाना चाहिए। होली पर घर पर दानेदार खोया बनाकर आप कलाकंद तैयार कर सकते हैं।

बट्टी खोया

इसे बनाने के लिए दूध को गाढ़ा किया जाता है। दूध को तब तक धीमी आंच पर पकाया जाता है जब तक दूध का करीब 5वां हिस्सा नहीं रह जाता है। इसे बर्फी बनाने में यूज किया जाता है।

चिकना खोया

गुजिया और रसगुल्ला बनाने के लिए आप घर पर चिकना खोया भी बना सकते हैं। इसे बट्टी खोया से कम गाढ़ा किया जाता है।

बाजार में खोया खरीदते समय ऐसे करें असली या नकली की पहचान

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अनुसार बाजार में खोया खरीदते समय सबसे पहले खोया लें और उसे अपनी उंगलियों पर रगड़कर देखें। अगर ये छूने से चिकना या दानेदार लगता है तो ये असली है। नकली होने पर छूने में ये ग्रीस जैसा लगेगा। इसमें से ग्रीस जैसी स्मेल भी आएगी। वहीं इसका दूसरा तरीका है कि आप मावा की गोली बनाकर देखें। अगर ये टूट जाए तो मिलावटी हो सकता है। इसके साथ ही आप उसका रंग देखकर भी अंदाजा लगा सकते हैं। खोया दिखने में ज्यादा सफेद या पीला दिखने पर यह नकली हो सकता है।