शकरकंद स्वाद में लाजवाब और सेहत के लिए बेहद लाभकारी होता है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे आप अपनी डेली डाइट में भी शामिल कर सकते हैं। शकरकंद को कभी भूनकर तो कभी उबालकर खाया जा सकता है। यह हर तरह से हेल्थ के लिए फायदेमंद होता है।

पोषक तत्वों से भरपूर है शकरकंद

शकरकंद में कई तरह के पोषक तत्व होते हैं, जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। इसे आप नुस्खे की तरह भी उपयोग में ले सकते हैं। इसकी खास बात यह है कि यह पाचन को दुरुस्त रखता है। इसके सेवन से भूख नहीं लगती है।

वहीं, इसमें एंटीऑक्सीडेंट का गुण पाए जाने के कारण यह हमारी कोशिकाओं में किसी भी तरह की क्षति को रोकने में मदद करता है। शकरकंद में विटामिन ‘ए’ और विटामिन ‘सी’ भी पाया जाता है। इसमें पोटेशियम होने के कारण यह रक्तचाप को काबू में रखता है।

आंखों के लिए है बेहतर

शकरकंद में विटामिन ‘ए’ होने के कारण इसे आंखों के लिए अच्छा माना गया है। खासकर किसी की नजर कमजोर हो रही है, तो उसे शकरकंद का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। नियमित रूप से इसके सेवन से शरीर में विटामिन ‘ए’ की कमी दूर हो जाती है। इससे दृष्टि संबंधी सामान्य समस्या कम हो जाती हैं। इसके लिए आसान सा नुस्खा है। सुबह के नाश्ते में उबले हुए शकरकंद को छोटे टुकड़े कर लें और इसे एक गिलास गुनगुने दूध में मिसरी डाल कर लें। इससे शरीर में ऊर्जा रहेगी और आंखों की रोशनी भी धीरे-धीरे बेहतर होगी।

त्वचा में चमक

शकरकंद में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट विटामिन ‘सी’ और बीटा कैरोटीन त्वचा को चमकदार बना देता है। यह न केवल झुर्रियां कम करता है, बल्कि यूवी किरणों से होने वाले नुकसान को बचाने में भी शकरकंद कारगर है।

कैसे करें उपयोग?

एक शकरकंद उबाल लें और उसे मसल कर उसमें दही मिला कर पेस्ट बना लें। इसे त्वचा पर थोड़ी देर के लिए लगाएं। वहीं जब आप सूप बनाएं, तो त्वचा के पोषण के लिए इसमें उबले हुए शकरकंद के टुकड़े डाल दें। उबले शकरकंद में मक्खन और जरा-सा दालचीनी पाउडर मिला कर मसल लें और फिर इसे खाएं। यह त्वचा के पोषण के लिए अच्छा है।

 वजन को करता है कंट्रोल

शकरकंद फाइबर का अच्छा स्रोत है। यह पाचन ठीक करने के साथ कब्ज भी दूर करता है। शकरकंद में मौजूद फाइबर की मात्रा ‘माइक्रोबायोम’ बनाए रखने में मदद करती है। मगर इसकी सबसे खास बात है कि यह भूख को नियंत्रित रखता है। इसमें कैलोरी कम होती है। इसलिए इसे वजन घटाने वाले आहार के रूप में लिया जाता है। इसे लेने का आसान नुस्खा है।

शकरकंद को छील कर छोटे-छोटे टुकड़े में काटें और  इसे ‘एअर फ्राई’ कर लें। या फिर भून लें या उबाल लें। फिर इसे छील कर जैसे चाहें खाएं। सेंधा नमक और मसाला लगा कर भी खाया जा सकता है।