आज की बिगड़ती लाइफस्टाइल और तनाव के कारण लोगों के बाल कम उम्र में ही सफेद होने लगते हैं। बता दें कि उम्र बढ़ने के साथ ही शरीर में मेलेनिन तत्व की कमी भी होने लगती है, जिसके कारण बाल सफेद और बेजान होकर टूटना शुरू हो जाते हैं। हालांकि पहले ये समस्या 30-35 साल के बाद हुआ करती थी। लेकिन आज युवा भी सफेद बालों की समस्या का शिकार हो रहे हैं। हेयर केयर एक्सपर्ट्स की मानें तो तनाव के साथ-साथ शरीर में पोषक तत्वों की कमी, अधिक दवाइयों का सेवन, वंशानुगत या फिर बीमारियां के कारण भी सफेद बालों की समस्या हो सकती है।
सफेद बालों से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं। कुछ लोग अपने सफेद बालों को छुपाने के लिए मेहंद और डाई तक का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि घरेलू उपायों की मदद से भी सफेद बालों की इस समस्या से निजात पाया जा सकता है।
इस तरह घर पर बनाएं हेयर मास्क: इसके लिए एक लोहे की कढ़ाही में एक गिलास पानी को गर्म कर लें। फिर इसमें दो चम्मच चाय की पत्ती, चार चम्मच आंवले का पाउडर डाल दें। अब इस पानी को 5 से 6 मिनट तक उबालें। उबलने के दौरान ही इसमें 4 से 5 लौंग डालें।
अच्छी तरह से उबलने के बाद मिश्रण को रूम के तापमान पर ठंडा होने के लिए रख दें। अब इस गाढ़े मिश्रण को फिर से लोहे की कढाही में डालकर कत्था मिलाएं। जब सब अच्छी तरह से घुल-मिल जाए तो इस पैक को तुरंत अपने बालों में लगा लें। अच्छी-तरह से सूखाने के बाद बालों को सादे पानी से धो लें। आप महीने में दो-तीन बार इस नुस्खे का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कलौंजी: आंवले के अलावा दो चम्मच कलौंजी को आधी कटोरी पानी में भिगोकर रख दें। 12 घंटे बाद इसे मिक्सी में पीस लें। कलौंजी का बारीक पेस्ट अपने बालों पर लगाएं। लगभग दो घंटे सूखाने के बाद बिना शैंपू के ही बालों को धो लें। बाल सूखने के बाद आंवले का तेल लगाएं। नियमित तौर पर इस नुस्खे को अपनाने से बाल धीरे-धीरे काले होने शुरू हो जाएंगे।