Skin Home Remedies: आज के समय में हर कोई खूबसूरत और बेदाग त्वचा पाना चाहता है लेकिन बढ़ते प्रदूषण, धूल-मिट्टी, गर्मी और पसीने के कारण लोगों को कई तरह की स्किन प्रॉब्लम्स का सामना करना पड़ता है। अक्सर लड़कियां ग्लोइंग स्किन पाने के लिए तमाम तरह के तरीके अपनाती हैं। बेदाग और निखरी त्वचा के लिए वह घंटों पॉर्लर में बिता देती हैं, हालांकि यह ग्लो कुछ ही दिनों में खत्म भी हो जाता है। ऐसे में खूबसूरत त्वचा पाने के लिए घरेलू उपायों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

स्किन को फिर से जवां और ग्लोइंग बनाने में अंगूर बेहद ही कारगर है। पोषक तत्वों से भरे अंगूर में अमीनो एसिड की अच्छी-खासी मात्रा पाई जाती है। यह त्वचा में नई कोशिकाओं को बनाने में खास भूमिका निभाता है। आप अलग-अलग तरीकों से अंगूर का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बनाने का तरीका: अंगूर का इस्तेमाल यूं तो खाने या फिर वाइन बनाने में किया जाता है। हालांकि यह स्किन प्रॉब्लम्स से छुटकारा दिलाने में भी बेहद ही कारगर है। आप अंगूर से बने स्क्रब और फेस पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं। फेस पैक और स्क्रब बनाने के लिए सबसे पहले 12-15 अंगूरों को अच्छी-तरह से धोकर मिक्सी में पीस लें। फिर एक चम्मच बेसन में आधा चम्मच हल्दी मिला लें। अब इसमें अंगूर का पेस्ट मिला लें।

इस पेस्ट को अच्छी-तरह से मिक्स करने के बाद अपने चेहरे और गर्दन पर अप्लाई करें। करीब पांच मिनट तक हल्के हाथों से चेहरे की मसाज करें। फिर 20 मिनट तक इसे अपने चेहरे पर लगा ही छोड़ दें। बाद में सादे पानी से स्किन को धो लें। आप इस नुस्खे को हफ्ते में दो बार अपना सकते हैं।

फायदे: एंटी-ऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर अंगूर में विटामिन सी और अमीनो एसिड भी पाया जाता है, यह तत्व नई कोशिकाओं को बनाने में मदद करते हैं। साथ ही एंटी-ऑक्सीडेंट त्वचा को इंफेक्शन से बचाता है। बेसन स्किन को एक्सफोलिएट करने में मदद करता है। यह त्वचा के पोर्स को गहराई से साफ कर, स्किन को ग्लोइंग बनाता है।

हल्दी स्किन टोन को हल्का करने में कारगर है। अंगूर, बेसन और हल्दी के इस स्क्रब और फेस पैक से त्वचा संबंधी कई समस्याओं जैसे टैनिंग, एक्ने-पिंपल्स और ब्लैकहेड्स आदि से छुटकारा मिल सकता है।