Govardhan puja 2024: हिंदुओं का प्रमुख त्योहारों में शामिल गोवर्धन पूजा को हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को सेलिब्रेट किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाया था और ब्रजवासियों और उनकी गायों को इंद्र देव के प्रकोप से बचाया था।
गोवर्धन पूजा पर क्या लगाएं भगवान श्रीकृष्ण को भोग?
इस विशेष दिन पर भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की जाती है। वहीं, गोवर्धन पूजा के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय चीजों को भोग में शामिल किया जाता है। अगर आप भी गोवर्धन पूजा पर भगवान श्रीकृष्ण को प्रसन्न करना चाहते हैं तो पूजा की थाली में इन चीजों को जरूर शामिल करें। ये भगवान श्रीकृष्ण को काफी पसंद है।
भोग में शामिल करें माखन मिश्री
भगवान श्रीकृष्ण को खाने में माखन-मिश्री, दही, और दूध बहुत पसंद हैं। उनकी बाल लीलाओं में माखन चोरी की कई कथाएं प्रसिद्ध हैं। बचपन से ही श्रीकृष्ण गोपियों का माखन चुराया करते थे, जिसके कारण उन्हें माखन चोर भी कहा जाता है। गोवर्धन पूजा पर उन्हें 56 भोग भी लगाया जाता है, जिसमें मिठाई, फल, अनाज और अन्य पकवान शामिल होते हैं।
भोग में मिठाई के साथ पकवान को भी करें शामिल
कान्हाजी को भोग में खीर, जलेबी, रसगुल्ला, लड्डू, मालपुआ और रबड़ी इत्यादि अन्य चीजें भी लगाई जाती है, जो उन्हें काफी प्रिय है। भोग में आप शक्कर पारा, मठरी, पंचामृत, चीजों का भी भोग लगाया जाता है।
कब है गोवर्धन पूजा?
मालूम हो कि इस साल गोवर्धन पूजा 2 नवंबर को मनाई जाएगी। पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 1 नवंबर की शाम 6 बजकर 16 मिनट पर शुरू हो रही है और यह 2 नवंबर की रात 8 बजकर 21 मिनट पर खत्म होगी। इस तरह से गोवर्धन पूजा का सही दिन 2 नवंबर ही माना गया है।