घी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बॉडी के लिए बेहतर होते हैं। सही मात्रा में शुद्ध घी का सेवन करने से पाचन बेहतर होता है, साथ ही इम्युनिटी बढ़ाने में भी यह कारगर होता है।

वहीं, आज के समय में मार्केट में मिलावटी घी बड़े पैमाने पर मिलने लगा है। कई जगहों पर बढ़ती मांग और मुनाफे के लालच में घी में वनस्पति, रिफाइंड तेल या अन्य हानिकारक पदार्थों की मिलावट की जाती है। यह मिलावटी घी स्वाद में तो बेहतर लगता है और कई बार इसका स्वाद असली घी जैसा ही होता है।

मिलावटी घी का सेवन हेल्थ के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में आप घर पर ही इसकी शुद्धता की जांच कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए 4 खास टिप्स लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप आसानी से असली और नकली घी की पहचान कर सकते हैं।

हथेली पर रगड़कर करें टेस्ट

आप घी को हथेली पर रगड़कर भी टेस्ट कर सकते हैं। इसके लिए घी की थोड़ी मात्रा हथेली पर लेकर रगड़ें। अगर घी धीरे-धीरे पिघल जाए और उसमें से नेचुरल खुशबू आए, तो घी शुद्ध है। वहीं, अगर घी पिघलने में ज्यादा समय ले और पिघलने पर मिलावटी खुशबू आए, तो इसमें मिलावट हो सकती है।

गर्म कर करें पहचान

घी को गर्म करके भी उसकी पहचान की जा सकती है। इसके लिए एक चम्मच घी को कढ़ाही या पैन में हल्का गर्म करें। शुद्ध घी गर्म होने पर सुनहरे रंग का हो जाता है और उसमें से हल्की नट्स जैसी खुशबू आती है। वहीं, अगर घी गर्म करने पर बहुत ज्यादा झाग बने या जलने जैसी गंध आए, तो यह मिलावटी हो सकता है।

पानी से करें टेस्ट

पानी टेस्ट के लिए एक गिलास में ठंडा पानी लें और उसमें आधा चम्मच घी डालें। शुद्ध घी पानी में नीचे बैठ जाएगा और पानी साफ ही रहेगा। वहीं, अगर घी घुलने लगे या पानी में दूधिया रंग दिखे, तो इसमें मिलावट होने की संभावना है।

फ्रिज टेस्ट से करें पहचान

घी को कुछ समय के लिए फ्रिज में रखें। शुद्ध घी जमने पर एकसार और दानेदार दिखाई देता है। अगर घी बहुत ज्यादा सख्त हो जाए या असामान्य तरीके से जमे, तो उसमें वनस्पति या तेल की मिलावट हो सकती है।