Garam kapdo se rua kaise hataye: सर्दी बढ़ गई है। ऐसे में हर घर में लोगों ने अपने-अपने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। अक्सर गर्म कपड़ों को कुछ दिन पहनने के बाद उनमें पिलिंग होने लगती है। इसे फज बॉल्स, लिंट या आम भाषा में रोएं कहते हैं। ऐसा ही हाल कंबल या गर्म रजाई कवर के साथ होता है। पिलिंग या रोएं ऊनी कपड़ों की सतह पर घर्षण के कारण बनने वाले छोटे-छोटे बॉल्स होते हैं। इनकी वजह से महंगे से महंगे कपड़े भी पुराने और भद्दे नजर आने लगते हैं। ऐसे में यहां हम आपको 5 ऐसे तरीके बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप विंटर क्लॉथ को बिल्कुल नए जैसा बना सकते हैं। आइए जानें इनके बारे में।

ऊनी कपड़े से रोएं हटाने के 5 तरीके

डिस्पोजेबल रेजर

रेजर तो अक्सर हर घर में मिल जाता है। जब ये पुराना हो जाए तो इसे फेंकने की बजाय आप इसका इस्तेमाल रोएं हटाने के लिए कर सकते हैं। इसके लिए कपड़े को फ्लैट सरफेस पर रखें। इसके बाद उसे इतना स्ट्रेच करें कि इसमें रेजर इस्तेमाल करते वक्त फैब्रिक इधर-उधर न भागे। अब आपको देखना है कि जहां-जहां पर रोएं हैं, वहां हल्के हाथ से एक ही दिशा में रेजर चलाएं।

लिंट रोलर

अगर आप आसानी से बिना कपड़ों को नुकसान पहुंचाए कपड़ों से रोएं हटाना चाहती हैं तो रोएं हटाने वाली मशीन यानी लिंट रोलर को यूज कर सकते हैं। इसे कपड़े की सतह पर ऊपर से नीचे की ओर घुमाएं। ऐसा करने से कुछ ही मिनटों में सारा लिंट हट जाएगा।

वेल्क्रो स्ट्रिप

वेल्क्रो स्ट्रिप से भी आप रोएं हटा सकते हैं। यह आमतौर पर जूतों या बैग में देखने को मिलते हैं। इसका स्टिकी एरिया बॉल्स हटा देता है। रेजर से फैब्रिक कटने का डर रहता है, लेकिन वेल्क्रो स्ट्रिप में कपड़े को नुकसान नहीं पहुंचता है। इसके लिए एक स्ट्रिप लें और इसे धीरे से रोएं वाले एरिया में लगाकर थोड़ा दबाएं। लिंट और फज बॉल्स को हटाने के लिए इसे एकदम खींचें।

डॉक्टर टेप

अगर आपके पास वेल्क्रो टेप नहीं है तो आप डॉक्टर टेप का इस्तेमाल कर सकते हैं। जिन कपड़ों में कम लिंट है छोटे एरिया में रोएं है उनके लिए यह परफेक्ट रहेगा। इसके लिए टेप को लिंट वाली जगह पर लगाकर अच्छी तरह से चिपका लें। इसे थपथपाएं और फिर तेजी से खींच लें।

बड़े दांतों वाली कंघी

कंबल जैसी चीजों से रोएं हटाने के लिए आप बड़े दांतों वाली कंघी ता इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए इसे कपड़े पर चलाकर देखें। इससे छोटे नहीं, लेकिन बड़े और मोटे दिखने वाले रोएं आराम से निकल जाएंगे।